दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय शटलर पीवी सिंधु शनिवार 28 फरवरी 2026 की रात ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के लिए जाते समय दुबई हवाईअड्डे पर फंस गईं, क्योंकि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण उड़ान संचालन निलंबित कर दिया गया। यह टूर्नामेंट तीन मार्च 2026 से शुरू होना है। शनिवार को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया।
इन सैन्य हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र में हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया जिससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं जिनमें एमिरेट्स और एयर इंडिया शामिल हैं। दुबई हवाईअड्डे ने भी मिसाइल हमलों के बाद हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण अनिश्चितकाल के लिए सभी परिचालन निलंबित कर दिए।
बयां किया खौफनाक मंजर
दुबई एयरपोर्ट पर धमाके और बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पीवी सिंधु ने अपने साथ बीते खौफनाक पलों को सोशल मीडिया पर साझा किया। पीवी सिंधु ने बताया कि इंटरसेप्शन की आवाजें अब भी आसमान में गूंज रही हैं। हर पल हालात और डरावने होते जा रहे हैं और एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है।
पीवी सिंधु ने लिखा कि एक विस्फोट उनकी मौजूदगी वाली जगह के बेहद करीब हुआ, जिससे टीम के सभी सदस्य दहशत में आ गए। फिलहाल वह अपनी टीम के साथ सुरक्षित हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रही हैं। पीवी सिंधु ने 28 फरवरी की रात करीब 8 बजे इंस्टाग्राम स्टोरी लगाई। उसमें उन्होंने एक भीड़भाड़ वाले हवाईअड्डे का वीडियो शेयर किया। पीवी सिंधु ने अपनी स्टोरी में लिखा, ‘सभी उड़ानें अगली सूचना तक निलंबित।’
सच में डरावना: पीवी सिंधु
इसके बाद पीवी सिंधु ने भारतीय समयानुसार रात करीब 11:14 अपने X हैंडल पर लिखा, ‘अभी जो हो रहा है, उसे समझना मुश्किल है। ऊपर से इंटरसेप्शन सुनना और यह देखना कि सब कुछ कितनी तेजी से बढ़ गया है, सच में डरावना है। बहुत सारे परेशान करने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं।’
पीवी सिंधु ने लिखा, ‘…और दुख की बात है कि जो हो रहा है उसकी यही सच्चाई है। दुबई एक ऐसा शहर है जिससे मैं बहुत प्यार करती हूं। एक ऐसी जगह जो हमेशा सुरक्षित और जिंदगी से भरी हुई लगी है। इस कारण इस पल को समझना और भी मुश्किल हो जाता है।’
मैं अभी सुरक्षित: पीवी सिंधु
पीवी सिंधु ने लिखा, ‘जो भी मैसेज कर रहे हैं और चेक इन कर रहे हैं, उनका धन्यवाद। यह सच में बहुत मायने रखता है। मैं अभी सुरक्षित हूं। अपनी टीम के साथ दुबई में फंसी हुई हूं और हम ठीक हैं क्योंकि ईरान के साथ युद्ध को लेकर हालात लगातार बदल रहे हैं।’
पीवी सिंधु ने बताया, ‘एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मची है। कई परिवार फंसे हैं और इंतजार कर रहे हैं। हम सभी बस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही निकल जाएं। ऐसे पल आपको याद दिलाते हैं कि आम जिंदगी कितनी नाज़ुक है। इससे प्रभावित लोगों की सुरक्षा और शांति के लिए प्रार्थना कर रही हूं।’


धमाके में बाल-बाल बचे कोच
इसके बाद पीवी सिंधु ने भारतीय समयानुसार एक मार्च की सुबह 07:10 बजे एक और पोस्ट की। उस पोस्ट में पीवी सिंधु ने लिखा, ‘यह मुश्किल बढ़ती जा रही है और हालात हर घंटे और डरावने होते जा रहे हैं। कुछ घंटे पहले, एयरपोर्ट पर हम जहां छिपे हुए थे उसके पास एक धमाका हुआ।’
पीवी सिंधु ने बताया, ‘मेरे कोच को जल्दी से उस जगह से भागना पड़ा क्योंकि वह धुएं और मलबे के सबसे करीब थे। यह हम सभी के लिए बहुत तनाव देने वाला और डरावना पल था। हालांकि, हम सब अब सुरक्षित हैं और दुबई एयरपोर्ट के स्टाफ और दुबई प्रशासन के अधिकारियों की लगातार कोशिशों की वजह से हमें ज्यादा सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है।’
पीवी सिंधु ने बताया, ‘दुबई में इंडियन हाई कमीशन को भी उनके जबरदस्त समर्थन और हमें सुरक्षित रखने में लगातार मदद के लिए खास धन्यवाद। अभी के लिए, हम थोड़ा आराम करने और उम्मीद बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि हम चीजों के ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं।’
