क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी एक बार फिर से सवालों के घेरे में आ गया है। तकरीबन आठ महीने पहले अंडर 19 कोच एस. वेंकटरमन ने तीन लोकल खिलाड़ियों पर मारपीट करने के आरोप लगाए थे और मुकदमा दर्ज करवाया था। अब उन्हीं में से एक खिलाड़ी ने कोच पर मुकदमा दर्ज करवाया है। इसमें खिलाड़ी द्वारा कोच पर बल्ले से मारने के आरोप लगाए गए हैं।
सेदारापेत पुलिस स्टेशन में इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई गई है। जानकारी के मुताबिक यह मामला 8 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है। इसी दिन कोच की तरफ से तीनों कथित हमलावर लोकल खिलाड़ियों (कार्तिकेयन, अरविंदराज और संतोष कुमारन) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। वहीं अब पता चला है कि उसी दिन कार्तिकेयन ने कोच के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करवाई थी।
कोच द्वारा की गई शिकायत में बताया गया था कि रणजी ट्रॉफी में पुडुचेरी के लिए खेल चुके कार्तिकेयन (32), ए. अरविंदराजन (30) और एस. संतोष कुमारन (28) ने कोच वेंकटरमन के ऊपर हमला किया था। इस हमले का कारण बताया गया था कि तीनों खिलाड़ी कोच को ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्हें नहीं चुने जाने का कारण मान रहे थे।
कोच पर लगे बल्ले से मारने के आरोप
अब सामने आया है कि कार्तिकेयन ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी के पूर्व ज्वॉइंट सेक्रेटरी वेंकटरमन के खिलाफ दर्ज शिकायत में कहा था कि उनके ऊपर भी ट्रेनिंग के दौरान बल्ले से कोच द्वारा हमला किया गया था। कार्तिकेयन के वकील एम. सबरी सेल्वम ने इंडियन एक्सप्रेस को इस क्रॉस एफआईआर की जानकारी दी है।
सेल्वम ने बताया,”वेंकटरमन ने उन्हें (तीनों क्रिकेटर्स को) गाली दी थी और बल्ला उठाकर उनके ऊपर हमला भी किया था। हमने जानबूझकर कोई हमला नहीं किया। खिलाड़ियों को इसके बाद चोट आई थी और प्राइमरी हेल्थ सेंटर में उनका उपचार भी चला था। हमने सेदारापेत SHO और एसपी (नॉर्थ) को इस मामले की शिकायत उसी दिन की थी। पुलिस ने सिर्फ वेंकटरमन की शिकायत पर ही कार्रवाई की थी, हमारी नहीं।”
वकील सेल्वम ने आगे बताया,”कोर्ट ने इस मामले में पिछले महीने ही निर्देश दिया था और पिछले हफ्ते ही सेदारापेत पुलिस द्वारा वेंकटरमन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। हमने बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी से भी औपचारिक तौर पर यह शिकायत की थी। हमने अपील की है कि जांच हो और वेंकटरमन को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए।”
गौरतलब है कि जब कोच ने तीनों खिलाड़ियों के खिलाफ शिकायत की थी, तो इस मामले में उन तीनों को पुडुचेरी क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सभी क्रिकेट गतिविधियों से अप्रैल 2026 में निलंबित कर दिया गया था। उनके ऊपर हत्या के प्रयास और मारपीट के आरोप लगे थे।
सौरव गांगुली और पत्नी डोना को मिली जान से मारने की धमकी, पिछले 6 महीने से आ रहे धमकी भरे संदेश पत्र
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना को जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र से यह भी पता चला है कि सौरव को पिछले छह महीने से धमकी भरे पत्र मिल रहे थे। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
