पुडुचेरी क्रिकेट में अनुशासन और चयन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। अंडर-19 कोच एस. वेंकटरमन पर कथित हमले के आरोपों के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी (CAP) ने तीन स्थानीय खिलाड़ियों जे कार्तिकेयन, ए. अरविंदराज और एस. संतोष कुमारन को सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों से निलंबित कर दिया है। यह घटना दिसंबर 2025 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीम में चयन न होने को लेकर हुए विवाद से जुड़ी बताई जा रही है, जिसने अब कानूनी और प्रशासनिक मोड़ ले लिया है।
इंडियन एक्सप्रेस ने पहले बताया था कि वेंकटरमन को सिर में चोट लगी थी और कंधे में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद सेदुरपेट पुलिस स्टेशन में तीनों क्रिकेटरों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में, CAP के पूर्व सचिव वेंकटरमन ने कार्तिकेयन (एक सीनियर खिलाड़ी, जो सभी फॉर्मेट में छह मैच खेल चुके हैं), अरविंदराज और संतोष कुमारन (दोनों ही रणजी ट्रॉफी मैचों में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं) का नाम लिया। उन्होंने भरथिदासन पुडुचेरी क्रिकेटर्स फोरम के सचिव जी. चंद्रन पर भी इस हमले के लिए उकसाने का आरोप लगाया।
द इंडियन एक्सप्रेस की दिसंबर 2025 में प्रकाशित एक जांच से पता चला कि CAP प्रशासन किस तरह घरेलू मैचों में पुडुचेरी में जन्में क्रिकेटरों को उचित प्रतिनिधित्व देने से जान-बूझकर रोक रहा था। रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि कैसे ‘बाहरी क्रिकेटरों’ को जाली शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और आधार पतों का इस्तेमाल करके ‘स्थानीय’ बताकर पेश किया जा रहा था। असल में, 2021 के बाद से रणजी ट्रॉफी में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व केवल पांच स्थानीय खिलाड़ियों ने ही किया है।
बुधवार को CAP की ओर से जारी बयान में एसोसिएशन ने कहा, ‘‘ये तीनों खिलाड़ी एक गंभीर आपराधिक मामले में शामिल थे, जिसमें CAP के U19 कोच श्री वेंकटरमन पर जानलेवा हमला करने और मारपीट करने के आरोप भी शामिल हैं।’’ बयान में यह भी कहा गया, ‘‘आरोपी खिलाड़ियों को घरेलू या बाहरी क्रिकेट टूर्नामेंटों या गतिविधियों में किसी भी हैसियत से CAP का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उनका निलंबन तब तक लागू रहेगा जब तक माननीय न्यायालय इस मामले पर फैसला नहीं सुना देता और आरोपियों को सभी आरोपों से बरी नहीं कर देता।’’
CAP ने कहा, ‘‘यह मामला अभी पुडुचेरी की माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट – IV अदालत में विचाराधीन है।’’ इन आरोपों के मद्देनजर, CAP ने तीनों क्रिकेटरों को तत्काल प्रभाव से क्रिकेट से जुड़ी सभी गतिविधियों से निलंबित करने का आदेश दिया। साथ ही उन्हें अगले आदेश तक पुडुचेरी के तुतिपेट स्थित CAP Siechem कैंपस या CAP के नियंत्रण वाले किसी भी परिसर में प्रवेश करने से भी प्रतिबंधित कर दिया।
बयान में यह भी कहा गया, ‘‘आरोपी खिलाड़ियों को ‘घरेलू या बाहरी क्रिकेट टूर्नामेंटों या गतिविधियों में किसी भी हैसियत से CAP का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति नहीं होगी। उनका निलंबन तब तक लागू रहेगा जब तक माननीय अदालत इस मामले पर फैसला नहीं सुना देती और आरोपियों को सभी आरोपों से बरी नहीं कर देती।’’
रोहित का इस्तेमाल मुंबई को किस तरह से करना चाहिए, पूर्व भारतीय बैटिंग कोच ने दिया अहम सुझाव
टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच ने बताया कि रोहित शर्मा का किस तरह से इस्तेमाल किया जाना चाहिए जिससे कि उनको लेकर किसी भी तरह का जोखिम भी ना हो और टीम को फायदा भी है। (पूरी खबर पढ़ने के क्लिक करें।)
