देश की रिटायर्ड ट्रैक एवं फील्ड एथलीट और वर्तमान में इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) की प्रेसिडेंट डॉ. पीटी उषा के पति वी श्रीनिवासन का निधन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद पीटी उषा से बातचीत की है और परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। वी श्रीनिवासन का निधन कोझिकोड स्थित उनके आवास पर हुआ। 67 साल के श्रीनिवासन बीती रात अपने घर में बेहोश होकर गिर पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पति के निधन के वक्त दिल्ली में थीं पीटी उषा
वर्तमान में IOA अध्यक्ष के अलावा राज्यसभा सांसद पीटी उषा के पति का जब निधन हुआ तो वह कोझिकोड में स्थित अपने आवास पर नहीं थीं। गुरुवार को हुई इस घटना से पहले पीटी उषा पार्लियामेंट सेशन के बाद घर जा रही थीं। तभी यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद से परिवार में शोक की लहर है। परिवार के लोगों ने मीडिया और अन्य लोगों से इस दुख के समय पर परिवार की निजता बनाए रखने की अपील की है।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया में बवाल: सचिव निलंबित, दुष्यंत चौटाला की पत्नी से है कनेक्शन
केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी रहे थे श्रीनिवासन
वी श्रीनिवासन सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) से रिटायर्ड डिप्टी SP थे। उन्होंने 1991 में अपनी दूर की रिश्तेदार पीटी उषा से शादी की थी। उनका एक बेटा है जिसका नाम डॉ. उज्ज्वल विग्नेश है। श्रीनिवासन पीटी उषा के खेल और राजनीतिक जीवन में हमेशा उनके साथ खड़े रहे और उनका सहारा और प्रेरणस्त्रोत बने। उनके अंतिम संस्कार का समय अभी तय नहीं हुआ है।
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने जताया दुख
वी श्रीनिवासन के निधन पर पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने भी शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है, “राज्यसभा सांसद और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन की प्रेसिडेंट पीटी उषा के पति श्री वी. श्रीनिवासन जी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उषा जी और उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इस मुश्किल समय में हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं।”
