PSL 2021: बाबर आजम और शर्जील खान ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड, फिर भी कराची किंग्स हारा; एलेक्स हेल्स ने गेंदबाजों को कूटा
कराची किंग्स और इस्लामाबाद यूनाइटेड के बीच खेले गए मुकाबले में रनों की बारिश हुई। मैच में करीब 400 रन बने। कराची के ओपनर बाबर आजम और शर्जील खान ने पहले विकेट के लिए 176 रनों की साझेदारी।

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2021) में बुधवार (24 फरवरी) को एक बड़ा रिकॉर्ड बना। कराची के नेशनल स्टेडियम में कराची किंग्स और इस्लामाबाद यूनाइटेड के बीच खेले गए मुकाबले में रनों की बारिश हुई। मैच में करीब 400 रन बने। कराची के ओपनर बाबर आजम और शर्जील खान ने पहले विकेट के लिए 176 रनों की साझेदारी। पीएसएल में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की। बाबर ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने लियम लिविंगस्टन के साथ 157 रन की साझेदारी की थी।
मैच में टॉस जीतकर इस्लामाबाद यूनाइटेड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उसका यह निर्णय उस समय गलत साबित हुआ जब बाबर आजम और शर्जील खान ने तूफानी शुरुआत की। दोनों ने हसन अली, फहीम अशरफ, मोहम्मद वसीम जूनियर और शादाब खान जैसे गेंदबाजों को जमकर धोया। शर्जील ने 59 गेंद पर 105 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 8 छक्के लगाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 177.97 का रहा। बाबर ने 54 गेंद पर 62 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके और एक छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 114.81 रहा।
डैनियल क्रिश्चियन 5 गेंद पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे। मोहम्मद नबी ने 5 गेंद पर 7 रन बनाए। कराची किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 196 रन बनाए। 197 रन के पहाड़ लक्ष्य के सामने इस्लामाबाद की शुरुआत खराब रही। फिलिप सॉल्ट पहले ही ओवर में खाता खोले बगैर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान शादाब खान भी खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। दो विकेट गिर जाने के बाद एलेक्स हेल्स और फहीम अशरफ ने मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। हेल्स 21 गेंद पर 46 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया। अशरफ ने 15 गेंद पर 25 रनों की पारी खेली।
अंतिम ओवरों में इफ्तिखार अहमद, हुसैन तलत और आसिफ अली विस्फोटक पारियां खेलीं। इफ्तिखार ने 37 गेंद पर नाबाद 49 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके और तीन छक्के लगाए। तलत ने 31 गेंद पर 42 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके निकले। आसिफ ने 9 गेंद पर नाबाद 21 रन ठोके। उन्होंने एक चौका और दो छक्के लगाए। इस्लामाबाद 19.1 ओवर में 197 रन बनाकर मैच जीत गया। इस जीत के साथ ही वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उसके 2 मैच में 4 अंक हैं। कराची किंग्स 2 मैच में 2 अंक के साथ तीसरे नंबर पर है। लाहौर कलंदर्स 4 अंकों के साथ पहले पायदान पर है।