रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले चरण में शुरुआती तीन मुकाबले जीतने के बाद अभिमन्यु ईश्वरन की कप्तानी वाली बंगाल की टीम को पहली हार झेलनी पड़ी है। पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली महाराष्ट्र ने पहले चरण के चौथे मैच के आखिरी दिन बंगाल को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी और अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इस मैच की दूसरी पारी में कप्तान पृथ्वी शॉ और उनके साथी ओपनर सचिन धास ने तूफानी अर्धशतक लगाए।
इस मैच में बंगाल के लिए महाराष्ट्र की पहली पारी में मोहम्मद शमी ने 4 विकेट झटके थे, लेकिन उनकी यह मेहनत बेकार साबित हुई। बंगाल की बल्लेबाजी इस मुकाबले में बुरी तरह फ्लाप नजर आई। पहली पारी में बंगाल की टीम 143 रन पर ही सिमट गई थी। जवाब में महाराष्ट्र ने तनय सांघवी के चार विकेट के बाद उनके 60 रन की बदौलत 218 रन बनाए और 75 रन की बढ़त हासिल की।
फिर बंगाल की टीम का प्रदर्शन दूसरी पारी में भी खास नहीं रहा। बंगाल ने दूसरी पारी में भी सिर्फ 186 रन बनाए और महाराष्ट्र के सामने 112 रन का लक्ष्य रखा। अभिषेक पोरेल ने दूसरी पारी में 65 और सुमंता गुप्ता ने 59 रन की पारी खेली। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का बल्ला इस मुकाबले में खामोश रहा।
10 विकेट से महाराष्ट्र ने जीता मैच
112 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराष्ट्र के लिए कप्तान पृथ्वी शॉ और उनके साथी ओपनर सचिन धास ने तेजतर्रार शुरुआत की। शॉ ने 50 गेंद पर 53 रन की तूफानी पारी खेली और 3 चौके व चार छक्के लगाए। उनके साथी सचिन ने 68 गेंद पर 61 रन बनाए और अपनी पारी में 10 चौके लगाए। इस तरह महाराष्ट्र ने 10 विकेट से मुकाबला जीत लिया।
हार के बावजूद अंकतालिका में बंगाल नंबर 1
बंगाल की टीम की लगातार तीन जीत के बाद यह पहली हार है। वहीं महाराष्ट्र ने चार में से 2 मुकाबले जीते हैं और दो ड्रॉ पर समाप्त हुए। बंगाल और महाराष्ट्र के 18-18 अंक हैं, लेकिन बंगाल की टीम का नेट रनरेट अच्छा है। एलीट ग्रुप सी की अंकतालिका में बंगाल टॉप पर है और महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है। इस ग्रुप में गुजरात तीसरे, केरल चौथे और झारखंड पांचवें स्थान पर है। ओडिशा की टीम इस ग्रुप में आखिरी स्थान पर है। हालांकि, बाकी अन्य टीमों के मुकाबले अभी जारी हैं।
आर्यवीर सहवाग-लक्ष्य रायचंदानी ओपनर, अन्वय द्रविड़ भी शामिल; U19 एशिया कप के पहले मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
अंडर 19 एशिया कप 2026 में भारतीय टीम अपना पहला मैच 6 नवंबर को नेपाल के खिलाफ मस्कट में खेलेगी। उस मैच में भारत की संभावित प्लेइंग 11 में आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ दोनों का साथ खेलना लगभग तय है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
