भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और उनकी मंगेतर आकृति अग्रवाल के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें चल रही थीं। कुछ लोगों ने दावा किया कि दोनों का रिश्ता टूट गया है और उनकी सगाई भी खत्म हो गई है।
अब इन अफवाहों पर खुद आकृति अग्रवाल ने सफाई दी है। आकृति अग्रवाल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि उन्होंने कभी भी अपने मंगेतर का नाम नहीं लिया और न ही यह कहा कि उनकी सगाई टूट गई है या दोनों अलग हो गए हैं।
सोशल मीडिया पर गलतफहमी से फैली अफवाह
आकृति अग्रवाल ने लिखा, ‘‘मैं बस एक बात साफ करना चाहती हूं। मैंने कभी अपने मंगेतर का नाम नहीं लिया और न ही मैंने यह कहा कि हमारी सगाई टूट गई है या हम अलग हो गए हैं। यह दुखद है कि बहुत से लोगों ने मान लिया कि बात उनके बारे में हो रही थी। हम साथ में खुश हैं, हमारी सगाई अब भी कायम है और हम बिल्कुल ठीक हैं।’’
दरअसल, कुछ दिन पहले आकृति ने इंस्टाग्राम पर एक रहस्यमयी (क्रिप्टिक) स्टोरी शेयर की थी। उस स्टोरी में आकृति अग्रवाल ने धोखा मिलने जैसी बात लिखी थी। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे पृथ्वी शॉ से जोड़ दिया। इसके बाद दोनों के अलग होने की अफवाहें तेजी से फैल गईं।
‘पृथ्वी शॉ की छवि खराब होने लगी, इसलिए सफाई देनी पड़ी’
आकृति अग्रवाल ने लिखा, ‘‘इससे मुझे यह भी अहसास हुआ कि किसी सार्वजनिक हस्ती की छवि और प्रतिष्ठा पर अंदाजों का असर पड़ना कितना आसान है। बिना किसी नाम या संदर्भ के एक छोटी सी पोस्ट लोगों को ऐसे नतीजे निकालने पर मजबूर कर सकती है जो सच नहीं हैं।’’
आकृति अग्रवाल ने लिखा, ‘‘मैं कभी भी सफाई देने के लिए यह स्टोरी पोस्ट नहीं करना चाहती थी, लेकिन जब मेरे साथी की गरिमा पर सवाल उठने लगे तब मुझे लगा कि मैं चुप नहीं रह सकती। सार्वजनिक हस्ती होने के नाते, लोगों को अक्सर तथ्यों के बजाय अंदाजों के आधार पर परखा और उन पर सवाल उठाए जाते हैं।’’
‘मेरी जिंदगी में सिर्फ एक इंसान ही नहीं’
आकृति अग्रवाल ने एक और स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, ‘‘वह मेरी जिंदगी हैं, लेकिन मेरी जिंदगी में सिर्फ वही एक इंसान नहीं हैं। मेरा परिवार, दोस्त और ऐसे लोग भी हैं जो मेरे लिए मायने रखते हैं। यह निराशाजनक है कि लोग बिना किसी तथ्य के, सिर्फ अपने फायदे के लिए किसी सार्वजनिक हस्ती के बारे में कितनी आसानी से कहानियां बना लेते हैं। वर्षों की मेहनत, लगन और प्रतिष्ठा को बेबुनियाद अंदाजों से नुकसान पहुंच सकता है। लोग अक्सर यह बात समझ नहीं पाते।’’
इंस्टाग्राम स्टोरी किसी और के लिए थी
आकृति अग्रवाल ने लिखा, ‘‘वह स्टोरी सिर्फ मेरे करीबी दोस्तों के लिए थी, लेकिन एक छोटी सी गलती की वजह से उस इंसान की प्रतिष्ठा पर असर पड़ा, जिससे मैं प्यार करती हूं। अब भी, मैं यह नहीं बताना चाहती कि वह स्टोरी असल में किसके बारे में थी क्योंकि मैं कर्म में विश्वास करती हूं; भगवान अपने समय पर न्याय करेंगे। ऑनलाइन दिखने वाली हर चीज पर कहानी बनाने की जरूरत नहीं होती और हर अफवाह पर यकीन करने की भी जरूरत नहीं होती।’’
सगाई की तस्वीरें अब भी इंस्टाग्राम पर मौजूद
अफवाहों के बावजूद आकृति अग्रवाल के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर सगाई की तस्वीरें अब भी पिन हैं। वहीं, पृथ्वी शॉ भी समय-समय पर आकृति के साथ तस्वीरें और खास मौकों की पोस्ट साझा करते रहे हैं। आकृति अग्रवाल के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि दोनों के रिश्ते में कोई दरार नहीं आई है। सोशल मीडिया पर फैली अलगाव की बातें सिर्फ अफवाहें थीं, जिनका सच से कोई संबंध नहीं था।
‘मेरे साथ कई बार धोखा हुआ’, पृथ्वी शॉ की मंगेतर आकृति ने किसके लिए लिखा ऐसा, क्या दोनों की राहें हुई जुदा?
भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ की मंगेतर आकृति ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा कि उनके साथ कई बार धोखा हुआ, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा। इस पोस्ट के बाद ये सवाल उठ रहा है कि क्या दोनों में अलगाव हो गया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
