टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जाएगा और इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के इस सीजन का समापन हो जाएगा। इस सीजन में कौन खिलाड़ी प्लेयरऑफ द मैच बनेगा इस पर सबकी निगाहें लगी रहने वाली है और आईसीसी ने इस खिताब के लिए 8 खिलाड़ियों को नॉमिनेट भी कर दिया है।
भारत की तरफ से संजू सैमसन को किया गया नॉमिनेट
आईसीसी ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए जिन खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया है उसमें साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के दो-दो खिलाड़ी मौजूद हैं जबकि भारत, इंग्लैंड, पाकिस्तान और यूएसए के एक-एक खिलाड़ी इसमें शामिल हैं। भारत की तरफ से संजू सैमसन को नॉमिनेट किया गया है जिन्होंने अब तक खेले 4 मैचों में 232 रन बनाए हैं और उन्होंने भारत को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। संजू को अभी फाइनल भी खेलना है और उनके रन की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
साहिबजादा फरहान हैं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के दावेदार
आईसीसी ने इस खिताब के लिए पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान को भी नॉमिनेट किया है जो फाइनल से पहले तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर हैं। फरहान ने 7 मैचों में 383 रन दो शतक की मदद से बनाए थे और वो इस सीजन में 2 शतक लगाने वाले इकलौते बैटर हैं। इस लिस्ट में इंग्लैंड के विल जैक्स भी हैं जिन्होंने 4 बार प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता है जबकि साउथ अफ्रीका के लुंगी एनगिडी और एडन मार्करम भी लिस्ट में हैं।
ऑलराउंडर रचिन रविंद्र भी दावेदारों कि लिस्ट में शामिल
एडन मार्करम ने इस सीजन में साउथ अफ्रीका के लिए 8 मैचों में सबसे ज्यादा 286 रन बनाए थे जबकि लुंगी एनगिडी ने 7 मैचों में 12 विकेट लिए थे। न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट गजब की लय में हैं और फाइनल से पहले तक उन्होंने 8 मैचों में 273 रन बनाए हैं और वो भी लिस्ट में हैं जबकि रचिन रविंद्र ने 8 मैचों में 128 रन बनाए हैं तो गेंदबाजी में 8 मैचों में 11 विकेट लिए हैं। आईसीसी ने इस लिस्ट में यूएसए के गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक को भी शामिल किया है जिन्होंने 4 मैचों में 13 विकेट लिए थे। सीफर्ट और रचिन को अभी फाइनल में भी खेलना है और दोनों के रन और विकेट के आंकड़े में बढ़ोतरी की संभावना है।
T20 WC 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के 8 दावेदार
- संजू सैमसन- भारत
- विल जैक्स- इंग्लैंड
- लुंगी एनगिडी- साउथ अफ्रीका
- एडेन मार्करम- साउथ अफ्रीका
- टिम सीफर्ट- न्यूजीलैंड
- रचिन रविंद्र- न्यूजीलैंड
- साहिबजादा फरहान- पाकिस्तान
- शैडली वैन शल्कविक- यूएसए
ये खबरें भी पढ़ें
फाइनल के लिए कैसी होनी चाहिए भारत की प्लेइंग 11, वीरेंद्र सहवाग ने बताया; वरुण को किया सपोर्ट
