जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के खिलाफ पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है। मुजरबानी ने शुक्रवार (13 मार्च) को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से इस्लामाबाद यूनाइटेड से करार तोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026)में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ जुड़ गए।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार बोर्ड के एक सूत्र ने शनिवार (14 मार्च) को बताया कि कानूनी विभाग को जिम्बाब्वे के इस तेज गेंदबाज के खिलाफ केस करने का निर्देश दिया गया है। ब्लेसिंग ने अब नाइट राइडर्स के साथ करार कर लिया है और बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की जगह ले ली है, जिन्हें बीसीसीआई के निर्देश कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज कर दिया था।
खिलाड़ियों को साफ संदेश देना चाहते हैं
सूत्र ने कहा, ‘पिछले साल से एक ही विंडो में होने के कारण आईपीएल और पीएसएल टकरा रहे हैं। इसलिए हम खिलाड़ियों को साफ मैसेज देना चाहते हैं कि एक बार जब वे पीएसएल में खेलने के लिए प्रतिबद्धता जता देते हैं तो वे आईपीएल में किसी भी फ्रेंचाइजी के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट तोड़कर नया कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं कर सकते।’
पिछले साल मुंबई इंडियंस से जुड़ गए थे कॉर्बिन बॉश
इस्लामाबाद यूनाइटेड ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमर जोसेफ की जगह मुजराबानी को स्क्वाड में जोड़ा था। पिछले साल साउथ अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश की पीएसएल में पेशावर जाल्मी के साथ डील हुई थी, लेकिन बाद में वह इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर मुंबई इंडियंस से जुड़ गए।
कॉर्बिन बॉश को बैन किया था
बॉश को पीएसएल से एक सीजन के लिए बैन कर दिया गया था और बाद में उन्होंने पीसीबी से माफी मांगी, जिसने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और हर्जाने की मांग की। श्रीलंका के कुसल मेंडिस और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल ओवेन ने भी पेशावर जालमी के लिए पीएसएल में कुछ मैच खेले थे और पिछले मई में पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव की वजह से पीएसएल के कुछ दिनों के लिए सस्पेंड होने के बाद वे आईपीएल से जुड़ गए।
यह भी पढ़ें: केकेआर ने किया मुस्तफिजुर के रिप्लेसेमेंट का ऐलान, टी20 वर्ल्ड कप में 13 विकेट लेने वाले गेंदबाज को जोड़ा
