ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान पैट कमिंस ने कहा है कि 2027 का व्यस्त शेड्यूल उनके टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटने का एक कारण था। उनकी निगाहें इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) पर भी हैं, जिसमें वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के कप्तान हैं। कमिंस की जगह श्रीलंका और भारत में होने वाले आने वाले टूर्नामेंट के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में बेन ड्वार्शियस को शामिल किया गया है।

पिछले साल जुलाई में ऑस्ट्रेलिया के कैरेबियाई दौरे के बाद से कमिंस पीठ की चोट से परेशान हैं। तब से उन्होंने सिर्फ एक मैच खेला है। एडिलेड में एशेज का तीसरा टेस्ट खेले थे। ऑस्ट्रेलिया के सीरीज जीतने पर कमिंस और टीम मैनेजमेंट ने टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए फैसला किया कि वह आखिरी दो टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे। हालांकि, कमिंस इसके बाद भी टी20 वर्ल्ड कप के लिए फिट नहीं हो पाए और भविष्य को देखते हुए जोखिम नहीं लेने का फैसला किया। कमिंस को करियर की शुरुआत में कई सालों तक पीठ की समस्याओं का सामना करना पड़ा था।

कमिंस ने क्या कहा?

अमेजन प्राइम वीडियो के अंबेसडर कमिंस ने एएपी को बताया, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण था। मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं, बस थोड़ी सी दिक्कत हुई और समय कम पड़ गया। मैं कुछ हफ्तों तक आराम करूंगा और फिर आगे देखूंगा। हमें (एडिलेड) टेस्ट मैच के बाद पता था कि हड्डी को ठीक से सेट होने देने और फिर से मजबूत बनाने के लिए चार से आठ हफ्ते लगेंगे। शुरू में हमें लगा था कि यह सिर्फ चार हफ्ते की बात होगी। मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा था, लेकिन अभी-अभी एक स्कैन करवाया तो पता लगा कि इसमें शायद कुछ और हफ्ते लगेंगे।’

ऑस्ट्रेलिया का व्यस्त शेड्यूल

ऑस्ट्रेलिया का 2026-27 का सीजन अगस्त में डार्विन और मैके में बांग्लादेश की मेजबानी के साथ शुरू होगा। बांग्लादेश से टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया साउथ अफ्रीका दौरे पर जाएगा। 2018 के बाद वह पहली बार साउथ अफ्रीका का दौरा करेगा। तब सैंडरपेपर कांड हुआ था। इसके बाद उसे घरेलू सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। 2027 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया को 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत दौरे पर आना है। इसके बाद उसे मेलबर्न में टेस्ट क्रिकेट के 150 साल होने पर इंग्लैंड से एक टेस्ट मैच खेलना है।

T20 वर्ल्ड कप 2026: भारत से नहीं खेलकर पछताएगा पाकिस्तान, सुपर-8 की राह में बन सकता है रोड़ा

अगले 18 महीनों में परेशान नहीं होना चाहते कमिंस

कमिंस ने कहा कि वह आगे आने वाले 18 महीनों में परेशान नहीं होना चाहते। 32 साल के कमिंस ने कहा, ‘हमने सोचा कि साल का पहला हाफ आने वाले क्रिकेट को देखते हुए थोड़ा संभलकर चलने का अच्छा समय है। ठीक होने के बाद उम्मीद होगी कि आपको इसके बारे में चिंता नहीं करनी पड़ेगी और आप सभी टेस्ट मैच खेल पाएंगे। अगर आप अभी सावधान नहीं रहते हैं और चोट बढ़ जाती है तो आप मुश्किल में पड़ जाएंगे।’

आईपीएल में खेलने पर निगाहें

आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान कमिंस को उम्मीद है कि जब 26 मार्च को टूर्नामेंट शुरू होगा तो वह अपनी फ्रेंचाइजी की अगुआई करेंगे। उन्होंने कहा, ‘पीठ के हिसाब से फैसला लिया जाएगा। कुछ हफ्तों में एक और स्कैन होगा और अगर सब ठीक रहा तो धीरे-धीरे वापसी होगी। टी20 मैच (टेस्ट की तुलना में) खेलना थोड़ा आसान होता है इसीलिए मैं इस वर्ल्ड कप खेलने के बहुत करीब था।’