पाकिस्तान क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बहिष्कार नहीं करने वाली है। पाकिस्तान के गृह मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के तेवर ठंडे पड़ गए हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार बोर्ड के करीबी सूत्रों ने गुरुवार (29 जनवरी) को बताया कि पीसीबी अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप के लिए 2 फरवरी को कोलंबो भेजने की तैयारी में है। इससे टूर्नामेंट या 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच का बहिष्कार की कोई भी संभावना लगभग खत्म हो गई है।
सूत्र ने कहा, ‘पीसीबी ने वर्ल्ड कप टीम के लिए पहले ही यात्रा का इंतजाम कर दिया है। टीम 2 फरवरी को सुबह कोलंबो के लिए रवाना होगी।’ सूत्र ने यह भी बताया कि पीसीबी ने भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की सुरक्षा चिंताओं पर पूरा समर्थन दिया था और आगे वह कुछ भी नहीं करेगा जिससे आईसीसी में उसकी छवि खराब हो। बीसीसीआई, पीसीबी और आईसीसी के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता है, जिसके तहत 2027 तक आईसीसी इवेंट्स में भारत-पाकिस्तान के सभी मैच तटस्थ वेन्यू पर खेले जाएंगे।
पीसीबी शुक्रवार को अपनी भागीदारी की पुष्टि करेगा
सूत्र ने सवाल किया, ‘ध्यान रखें कि पाकिस्तान का पूरा वर्ल्ड कप शेड्यूल श्रीलंका में है। अगर वह क्वालीफाई करता है तो फाइनल भी वहीं होगा। तो किस आधार पर टूर्नामेंट या भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया जाएगा?’ उम्मीद है कि पीसीबी शुक्रवार (30 जनवरी) को अपनी भागीदारी की पुष्टि करेगा। मीडिया के कुछ हिस्सों में ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पाकिस्तान टूर्नामेंट से हट सकता है या भारत के साथ खेलने से मना कर सकता है, लेकिन एक अंदरूनी सूत्र ने ऐसी खबरों को अफवाह बताया।
पाकिस्तान के तेवर पड़े ठंडे
अंदरूनी सूत्र ने कहा, ‘जब पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मिले तो उन्होंने साफ किया कि विचाराधीन सभी विकल्पों से पाकिस्तान क्रिकेट के लिए एक स्थिर और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित होना चाहिए और आईसीसी और सदस्य बोर्डों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने चाहिए।’ उन्होंने कहा कि यह अटकलें बेबुनियाद हैं और यह बताने में नाकाम हैं कि किस आधार पर पीसीबी वर्ल्ड कप छोड़ सकता है या भारत के मैच का बहिष्कार कर सकता है।
पाकिस्तान कैसे भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट को सही ठहराएगा
सूत्र ने कहा, ‘भारत सरकार ने अपनी टीम को पाकिस्तान में खेलने से मना कर दिया है, लेकिन एशिया कप जैसे इवेंट्स या न्यूट्रल जगहों पर आईसीसी इवेंट्स में भारत के पाकिस्तान के साथ खेलने पर कोई रोक नहीं है। पाकिस्तान कैसे भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने को सही ठहराएगा, जबकि उसकी सरकार हमेशा कहती रही है कि खेल में राजनीति को नहीं होनी चाहिए?’
