पाकिस्तान की तरफ से पहले मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच को बायकॉट करने का ड्रामा शुरू किया गया। करीब आठ दिन तक भयंकर विवाद चला। आईसीसी के पदाधिकारी को भी लाहौर मीटिंग के लिए भेजा गया। पाकिस्तान की तरफ से लगातार बांग्लादेश के कंधे पर रखकर बंदूक चलाई जा रही थी। अंत में पाकिस्तान ने यू-टर्न मारा और फिर से खुद को पलटू साबित कर दिया।
पाकिस्तान का पलटने का इतिहास पुराना है। इससे पहले भी पाकिस्तान की तरफ से पिछले तीन साल में 4 बार यह ड्रामा किया जा चुका है। एशिया कप 2023 से शुरू हुए इस विवाद के बाद अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 तक कुल पांच बार पाकिस्तान की तरफ से ऐसे ड्रामे किए जा चुके हैं। ऐसे ही पांचों मौकों के बारे में आपको बताते हैं जब पाकिस्तान ने यू-टर्न मारा है:-
1- एशिया कप 2023
दरअसल यह न्यूट्रल वेन्यू और पाकिस्तान के भारत आकर नहीं खेलने के राग अलापने की शुरुआत एशिया कप 2023 से ही हुई थी। एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान के पास थी। भारतीय टीम देश की सरकार के निर्देशों का पालन कर रही थी और राजनीतिक विवाद व पाकिस्तान में सुरक्षा के लिहाज से टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं गई।
पाकिस्तान ने इस पर खूब बवाल मचाया। उसी साल वनडे वर्ल्ड कप भारत में होना था, उसके लिए पाकिस्तान ने भारत नहीं आने की गीदड़भभकी देना शुरू कर दिया। हालांकि, बाद में पाकिस्तान शांत हो गया और भारत ने अपने मैच श्रीलंका में ही खेले।
2- वनडे वर्ल्ड कप 2023
इसके बाद पाकिस्तान ने 2023 वर्ल्ड कप से पहले राग अलापा कि भारत हमारे यहां नहीं आया था तो वह भारत खेलने नहीं आएगा। पाकिस्तान की तरफ से टूर्नामेंट को बायकॉट करने की भी गीदड़भभकी दी गई। फिर बाद में बातचीत हुई और पाकिस्तान ने यू-टर्न मारते हुए भारत आने का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम भारत आई और बुरी तरह टूर्नामेंट में बेइज्जती करवाकर गई।
3- चैंपियंस ट्रॉफी 2025
अब मौका था चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का और इसकी मेजबानी भी पाकिस्तान के पास थी। फिर पाकिस्तान ने विवाद खड़ा कर दिया। भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जा सकती थी। 2009 में श्रीलंकाई टीम पर हुए हमले के बाद से भारत की सरकार ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध खत्म कर दिए थे। उसके बाद एक बार सीरीज हुई थी लेकिन 26/11 मुंबई हमले के बाद फिर यह संबंध खत्म हो गए।
इसी के तहत भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जा सकती थी। भारत की तरफ से डिमांड की जा रही थी कि न्यूट्रल वेन्यू पर मैच हो। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड फिर अड़ गया कि भारत को हमारे देश आना होगा। पीसीबी ने भारत के मैचों के वेन्यू भी तय कर दिए। बीसीसीआई का रुख साफ था और भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं गई और अपने सभी मैच दुबई में खेले।
4- एशिया कप 2025
फिर मामला शुरू हुआ एशिया कप 2025 का, जहां पाकिस्तान के पास न्यूट्रल वेन्यू वाला मुद्दा था नहीं। यहां पाकिस्तान ने नया ड्रामा शुरू किया मैच रेफरी एंडी पाइक्राफ्ट को लेकर। पाकिस्तान की तरफ से कहा गया या तो एंडी को भारत-पाकिस्तान मैच से हटाया जाए, वरना पाकिस्तान की टीम नहीं खेलेगी। एसीसी ने इससे साफ इनकार कर दिया और फिर पाकिस्तान को यू-टर्न मारना पड़ा। अंत में भारत-पाकिस्तान मैच में एंडी पाइक्राफ्ट की रेफरी रहे।
5- टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत-पाकिस्तान मैच विवाद
भारत और पाकिस्तान के बीच 2023 में ही न्यूट्रल वेन्यू को लेकर करार हो गया था। ऐसे में मल्टीनेशन टूर्नामेंट के मैचों के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं जाती है और पाकिस्तान की टीम भारत नहीं आती है। इसके लिहाज से टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के पास फिर बवाल करने का कोई मुद्दा नहीं था तो उसने बांग्लादेश के कंधे पर रखते हुए बंदूक चला दी।
भारत-बांग्लादेश के कुछ राजनीतिक विवाद के चलते यह बवाल शुरू हुआ। बांग्लादेश को अंत में विश्व कप से बाहर किया गया और स्कॉटलैंड की एंट्री हुई। इसके बाद पाकिस्तान ने नया ड्रामा किया बांग्लादेश का साथ देने की बात कहते हए और भारत के खिलाफ मैच बायकॉट कर दिया। फिर पीसीबी पर कंगाल होने का खतरा मंडराया, आईसीसी के एक्शन की खबरें आईं। अंत में 8-9 दिन बवाल के बाद पलटू पाकिस्तान ने फिर यू-टर्न मार लिया।
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं
टी20 वर्ल्ड कप में होगा भारत-पाकिस्तान मैच, आठ दिन में ही PCB के होश आए ठिकाने
हर्षित राणा के IPL 2026 में भी खेलने पर सस्पेंस, KKR को लग सकता है बड़ा झटका
T20 World Cup: नामीबिया की हार, नीदरलैंड्स का कमाल; पाकिस्तान टॉप 2 से बाहर, भारत नंबर 1 पर बरकरार
