पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पूर्व कप्तान सरफराज अहमद के सामने पाकिस्तान की टेस्ट टीम का मुख्य कोच बनने का ऑफर दिया है। पीसीबी को 38 वर्षीय सरफराज से यह पद संभालने के लिए हामी का इंतजार है। अगर सरफराज यह पद स्वीकार करते हैं तो वह पाकिस्तान के सबसे युवा मुख्य कोच बन जाएंगे। सरफराज की कप्तानी में पाकिस्तान आईसीसी खिताब जीत चुका है। 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को हराकर पाकिस्तान ने खिताब जीता था।
पाकिस्तान का आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल 2025-27 में इस साल टेस्ट मैचों का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। उसे मई में बांग्लादेश में दो टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके बाद वह वेस्टइंडीज और इंग्लैंड का दौरा करेगा। पाकिस्तान ने अपनी अंतिम टेस्ट सीरीज पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपनी धरती पर खेली थी, जो 1-1 से ड्रॉ रही थी। उस सीरीज में पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद ने अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका निभाई थी।
अजहर महमूद का करार खत्म
मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि पीसीबी ने आपसी सहमति से अजहर का करार खत्म कर दिया था, इसलिए सरफराज अब हेड कोच बनने के लिए तैयार हैं। पाकिस्तान पिछले तीन डब्ल्यूटीसी में कभी भी फाइनल में क्वालिफाई करने के करीब नहीं आया है। पिछले साल बोर्ड ने सरफराज को पाकिस्तान शाहीन और अंडर-19 टीमों का मैनेजर और मेंटर बनाया था। वह इस साल जिम्बाब्वे और नामीबिया में हुए आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी टीम के साथ थे।
सरफराज का रिकॉर्ड
सरफराज एशिया कप राइजिंग स्टार में पाकिस्तान शाहीन और जूनियर एशिया कप में पाकिस्तान की टीम के साथ जुड़े थे। 38 साल की उम्र में सरफराज टेस्ट टीम के सबसे युवा कोच होंगे। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने पाकिस्तान को अंडर-19 और 2017 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया। 2019 में मिस्बाह उल हक के सभी फॉर्मेट में नेशनल टीम के हेड कोच और चीफ सिलेक्टर बनने के बाद उन्हें कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर टीम से हटा दिया गया।
यह भी पढ़ें: बाबर बाहर, रऊफ की वापसी, बांग्लादेश से वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान
