वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान रविवार (5 जुलाई) को हो गया। शान मसूद को कप्तानी से हटाकर पूर्व कप्तान बाबर आजम को कमान सौंपी गई है। बाबर का टेस्ट में बतौर कप्तान काफी खराब रिकॉर्ड है। मसूद को 3 साल बाद कप्तानी से हटाया गया। पाकिस्तान ने उनकी अगुआई में 16 मैच में 12 हार का सामना किया।

हाल ही में बांग्लादेश से क्लीन स्वीप के बाद मसूद को कप्तानी से हटा दिया गया। मसूद की कप्तानी में दूसरी बार बांग्लादेश ने पाकिस्तान का क्लीन स्वीप किया। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका से भी हार मिली। मसूद से पहले बाबर ही पाकिस्तान के कप्तान थे। वह भी टेस्ट क्रिकेट में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं।

वेस्टइंडीज सीरीज के लिए 16 खिलाड़ियों का चयन

वेस्टइंडीज सीरीज के लिए 16 खिलाड़ियों की टीम की घोषणा की गई है, लेकिन चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड दौरे के लिए सऊद शकील को 17वें सदस्य के तौर पर शामिल किया है। वह फिट होने पर ही उपलब्ध होंगे। चयनकर्ताओं ने टीम में चार अनकैप्ड खिलाड़ियों को शामिल किया है। इसमें लेफ्ट-आर्म स्पिनर अली उस्मान, बैटर मोहम्मद अवैस जफर, पेसर उबैद शाह और विकेटकीपर बैटर मुहम्मद गाजी गोरी शामिल हैं।

पहले वेस्टइंडीज दौरा

पाकिस्तान पहले इस महीने के आखिर में दो टेस्ट खेलने के लिए पहले वेस्टइंडीज का दौरा करेगा। पहला टेस्ट 25-29 जुलाई के बीच तारूबा में खेला जाएगा और दूसरा टेस्ट 2-6 अगस्त तक पोर्ट ऑफ स्पेन में होगा। इसके बाद टीम तीन मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड जाएगी, जो 19 अगस्त से 13 सितंबर के बीच लीड्स, लॉर्ड्स और बर्मिंघम में होगी।

इंग्लैंड-वेस्टइंडीज का स्क्वाड

बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अजान अवैस, इमाम उल हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद अवैस जफर, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), साजिद खान, सलमान अली आगा, शान मसूद, उबैद शाह।

नोट- सऊद शकील फिट होने पर इंग्लैंड दौरे के लिए उपलब्ध होंगे।

न्यूजीलैंड-इंग्लैंड तीसरे टेस्ट के बाद WTC अंक तालिका

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2026-27 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले, साउथ अफ्रीका दूसरे और न्यूजीलैंड तीसरे नंबर पर है। बांग्लादेश की टीम चौथे, भारत पांचवें, श्रीलंका छठे, वेस्टइंडीज सातवें और पाकिस्तान आठवें नंबर पर है। पूरी खबर पढ़ें