आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में भारत से मिली करारी हार के बाद पाकिस्तानी टीम अब ‘करो या मरो’ की स्थिति में पहुंच गई है। कोलंबो में खेले गए मुकाबले में 61 रन से शिकस्त झेलने के बाद पाकिस्तानी टीम के हेड कोच माइक हेसन ने खिलाड़ियों को साफ संदेश दिया। उन्होंने कहा है कि निराशा में डूबने के बजाय तुरंत खुद को संभालना होगा।

दबाव में भटक गया पाकिस्तान: माइक हेसन

माइक हेसन ने माना कि बड़े मैच के दबाव में टीम अपने बुनियादी खेल से भटक गई, लेकिन साथ ही दोहराया कि टूर्नामेंट अभी खत्म नहीं हुआ है। अगले मुकाबले में बेहतर प्रतिक्रिया देना ही असली परीक्षा होगी। माइक हेसन ने अपनी टीम से भारत से मिली हार को जल्दी से भूलकर टूर्नामेंट के अगले चरण के लिए क्वालिफाई करने पर ध्यान देने को कहा है।

माइक हेसन की टीम को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण के लिए क्वालिफाई करने के लिए ग्रुप A के अपने अंतिम मैच में नामीबिया को हराना ही होगा। माइक हेसन हालांकि, भारत के खिलाफ पाकिस्तान की कोशिशों से साफ तौर पर निराश थे। कोच जानते हैं कि टूर्नामेंट में हमेशा बहुत उतार-चढ़ाव आते हैं। वह चाहते हैं कि उनकी टीम बुधवार को नामीबिया के साथ होने वाले मुकाबले से पहले जल्दी से फिर से फोकस करे।

हम सच में निराश हैं: माइक हेसन

माइक हेसन ने कहा, ‘हम सच में निराश हैं। हम उतना अच्छा नहीं खेल पाए जितना हम खेल सकते थे, लेकिन हम अभी टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। टूर्नामेंट में हमेशा सबकुछ आपके पक्ष में नहीं होता है। हमारा काम खुद को संभालना है। यह पक्का करना है कि हम 2 या 3 दिन में अच्छी लय में हों।’

पाकिस्तान ने रविवार को गेंद से ठीक-ठाक प्रदर्शन किया और भारत को 20 ओवर में 175/7 पर रोक दिया, लेकिन पावरप्ले में 4 विकेट गंवाने के बाद वह कभी उबर नहीं पाया। माइक हेसन का मानना है कि उनके कुछ खिलाड़ी बड़े मौके के दबाव में आ गए होंगे। वह अब यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि खिलाड़ी T20 वर्ल्ड कप के बाकी मैचों में कैसे रिस्पॉन्स देते हैं।’

बेसिक्स पर टिके रहेंगे या बिखर जाएंगे: माइक हेसन

माइक हेसन ने कहा, ‘देखिए, जब कोई खिलाड़ी आप पर दबाव डालता है, तो यह बहुत मायने रखता है- क्या आप अपने बेसिक्स पर टिके रहेंगे या बिखर जाएंगे। …और मुझे लगता है कि यही असली चुनौती होने वाली है, क्योंकि जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, हम फिर से दबाव में आ जाएंगे।’

माइक हेसन ने कहा, ‘…और यह इस बात पर निर्भर करता है कि जब हम दबाव में होते हैं तो हम कैसे रिस्पॉन्स देते हैं। ये सभी लोग इंटरनेशनल प्लेयर हैं, वे सभी अच्छे प्लेयर हैं, लेकिन जब दबाव आता है, तो क्या वे डिसीजन मेकिंग (जरूरी फैसले लेने की कार्रवाई या प्रक्रिया) पर भरोसा करेंगे या वे शायद उससे बाहर जाएंगे? इस टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए हमें इसमें और बेहतर होना होगा।’

नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं

इशान T20 WC में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर; युवराज, तिलक, अभिषेक की खास लिस्ट में हुए शामिल
शाहीन अफरीदी ने 2 ओवर में लुटाए 31 रन, सलमान आगा ने स्पिनर्स पर फोड़ा हार का ठीकरा
IND vs PAK: इशान किशन के तूफान में उड़ी सलमान आगा की टीम, टी20 विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर 8वीं जीत