पाकिस्तान की हॉकी टीम के खिलाड़ियों को कैनबरा पहुंचने पर फजीहत का सामना करना पड़ा। उन्हें कई घंटे सड़क पर बिताने पड़े। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन पैसे की कमी के कारण बिल का पेमेंट नहीं कर पाया था। इसके कारण ऑस्ट्रेलिया की राजधानी में उनकी होटल बुकिंग कैंसिल कर दी गई थी। पाकिस्तान की हॉकी टीम होबार्ट में एआईएच प्रो लीग इवेंट के दूसरे लेग के लिए ऑस्ट्रेलिया में हैं। टीम के करीबी सूत्रों के मुताबिक खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के पास रहने की जगह ढूंढने से पहले “सड़कों पर घूमने” के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था।

पीटीआई को पाकिस्तानी हॉकी टीम के एक सूत्र ने बताया, ‘खिलाड़ियों और अधिकारियों की बुकिंग कैनबरा के एक फोर स्टार होटल में हुई थी और उन्हें बताया गया था कि पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड और पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने कैनबरा में उनके रहने के लिए सारे पेमेंट पहले ही कर दिए हैं। लेकिन जब वे पिछले हफ्ते कैनबरा पहुचे तो उन्हें तय होटल में उनके लिए कोई बुकिंग नहीं मिली। टीम के हेड कोच, ताहिर जमान को समय के अंतर के कारण घर पर पीएसबी और पीएचएफ अधिकारियों से संपर्क करने में दिक्कत हुई। ताहिर ने उन्हें मैसेज करके बताया कि खिलाड़ी किस अजीब स्थिति का सामना कर रहे हैं और लाहौर से लंबी यात्रा के बाद उनके पास रहने और आराम करने के लिए कोई जगह नहीं है।’

कई घंटों के इंतजार के बाद मिले कमरे

इस घटना को पाकिस्तान के राष्ट्रीय खेल के लिए शर्मिंदगी की एक बड़ी वजह के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि टीम प्रो लीग के होबार्ट लेग में ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी टॉप रैंक वाली टीमों के खिलाफ मुकाबला करने के लिए संघर्ष कर रही है। सूत्र ने कहा कि कई घंटों तक बाहर इंतजार करने के बाद, होटल मैनेजमेंट आखिरकार मान गया और खिलाड़ियों को कुछ कमरे दे दिए।

दो-तीन खिलाड़ी एक कमरे में रहे

सूत्र ने कहा, ‘पर्याप्त कमरे न होने की वजह से खिलाड़ियों और अधिकारियों को कम कमरों में ठहराया गया। इस वजह से दो-तीन खिलाड़ियों ने एक कमरा ले लिया और अगले दिन वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलने के लिए सीधे मैदान पर चले गए, जिसमें वे 2-3 से हार गए।’ यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के हॉकी खिलाड़ियों को ऐसे हालात का सामना करना पड़ा है। अर्जेंटीना में हुए एफआईएच प्रो लीग के पहले फेज के दौरान खिलाड़ियों को उनके रोजाना भत्ता नहीं दिए गए थे,जिससे वे विदेश में मुश्किल में पड़ गए थे।

मैनेजर के बगैर ऑस्ट्रेलिया गई पाकिस्तानी टीम

पाकिस्तानी हॉकी टीम के मैनेजर पूर्व ओलंपियन अंजुम सईद को पीएचएफ ने हटा दिया था और इस बार उन्हें टीम के साथ नहीं भेजा था, जिसके बाद टीम कैनबरा में बिना मैनेजर के है। अंजुम को तब हटाया गया जब वह घर लौटते समय फ्लाइट में धूमपान करते हुए पकड़े गए और एयरपोर्ट सिक्योरिटी अधिकारियों के साथ उनकी बहस हो गई, जिन्होंने उन्हें एक दिन के लिए रोक लिया। टीम दुबई और लाहौर के लिए अपनी आगे की यात्रा फिर से शुरू कर रही थी।

प्रो लीग में पाकिस्तान ने अबतक सभी छह मैच गंवाए

टीम के कैनबरा रवाना होने से पहले पीएसबी ने हर खिलाड़ी के लिए डेली अलाउंस बढ़ाकर 115 अमेरिकी डॉलर कर दिया था। सूत्र ने कहा, ‘कैनबरा में कुछ लोकल पाकिस्तानी लोगों से संपर्क किया गया जो खिलाड़ियों के सड़कों पर समय बिताने के बाद होटल में उनकी मदद के लिए आए थे। प्रो लीग में पाकिस्तान ने अबतक सभी छह मैच गंवाए हैं।

यह भी पढ़ें: संपादकीय: भारतीय टीम ने दमखम से किया प्रदर्शन, अतीत की यादें हो गईं ताजा