पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम को ऑस्ट्रेलिया में एफआईएच प्रो लीग के दौरान काफी फजीहत का सामना करना पड़ा। कप्तान अम्माद शकील बट ने बुधवार (18 फरवरी) को देश के हॉकी फेडरेशन की आलोचना की। लाहौर लौटने पर बट ने दावा किया कि उनकी टीम को होटल की बुकिंग नहीं होने कारण केवल सड़कों पर नहीं भटकना पड़ा। खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले बर्तन भी माजने पड़े।

अम्माद शकील बट ने गुस्से में लाहौर एयरपोर्ट पर कहा, ‘हम फेडरेशन के इस मौजूदा प्रबंधन के साथ काम नहीं कर सकते। जब खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले किचन साफ करना पड़ता है और बर्तन माजने पड़ते हैं, तो आप हमसे क्या उम्मीद करते हैं?’ बट ने लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि पाकिस्तान का हॉकी फेडरेशन झूठ पर झूठ बोल रहा था और अब बहुत हो गया है।

ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की फजीहत

पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कैनबरा के विमान लेने से पहले सिडनी एयरपोर्ट पर 13-14 घंटे इंतजार करना पड़ा। इसके बाद पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन की काफी आलोचना हुई। इससे भी ज्यादा दिक्क्त तब हुई जब टीम एफआईएच प्रो लीग मैचों से पहले अपने होटल में चेक इन कर रही थी। खिलाड़ियों को बताया गया कि उनके लिए बुकिंग नहीं हुई है। होटल को कोई एडवांस पेमेंट नहीं किया गया था। खिलाड़ियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और रहने की जगह का इंतजाम होने से पहले वे सड़कों पर घूमते रहे।

शहबाज शरीफ ने जांच के आदेश दिए

सरकार द्वारा संचालित पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) से पाकिस्तानी हॉकी टीम को हुई दिक्कत के बार में पूछा गया तो उसने जानकारी दी कि होटल क व्यवस्था के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम को 10 मिलियन रुपये से ज्यादा दिया गया। पीएसबी के डायरेक्टर-जनरल नूर उस सबाह ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के लिए एक विधिवत रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है। बट ने खुलासा किया पीएचएफ ने खिलाड़ियों को चेतावनी दी कि मीडिया से बात करने पर अनुशात्मक कार्रवाई की जाएगी।