पाकिस्तान हॉकी में चल रहा प्रशासनिक संकट गुरुवार 19 फरवरी 2026 को और गहरा गया जब पीएचएफ (पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन) अध्यक्ष तारिक बुगती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे की व्यवस्था में कुप्रबंधन के कारण खिलाड़ियों के सड़क पर रहने को लेकर कप्तान अम्माद शकील बट ने पीएचएफ की आलोचना की थी। उसके बाद अम्माद शकील बट पर दो साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था।
तारिक बुगती ने कहा कि उन्होंने पीएचएफ के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस्तीफा भेज दिया है। तारिक बुगती ने कहा, ‘मैंने प्रधानमंत्री को इस्तीफा भेज दिया है, लेकिन उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से ऑस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है।’
तारिक बुगती ने कहा कि अध्यक्ष के रूप में उन्होंने आखिरी कार्रवाई के तौर पर राष्ट्रीय टीम के कप्तान अम्माद शकील बट पर दो साल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेलने पर प्रतिबंध लगाया। अम्माद शकील की बयानबाजी से पाकिस्तान हॉकी की छवि खराब हुई है।
स्वदेश लौटने पर अम्माद शकील बट ने लाहौर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएचएफ की आलोचना की और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कुप्रबंधन के लिए उन्हें दोषी ठहराया। अम्माद शकील बट ने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को दौरे पर बर्तन भी मांजने पड़े।
अम्माद शकील बट की अगुआई में नौ खिलाड़ियों ने टीम प्रबंधन और पीएचएफ पदाधिकारियों को हटाने की मांग की थी। अम्माद शकील बट ने यह भी आरोप लगाया था कि पिछले एक साल से पीएसबी (पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड) और पीएचएफ से अधिकांश खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता नहीं मिला है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पर आये एक वीडियो से हुई जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके सामान के साथ सिडनी की सड़कों पर खड़े दिखाया गया था। इस मामले में पाकिस्तान खेल बोर्ड (पीएसबी) और पीएचएफ एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
तारिक बुगती ने पीएसबी को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सारे इंतजाम उसी ने किये थे। हालांकि, जब दस लाख रुपये से अधिक के चेक के बारे में पूछा गया जो पीएसबी ने दिये थे, तारिक बुगती ने कोई जवाब नहीं दिया।
पाकिस्तानी हॉकी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमां ने भी इस्तीफे की पेशकश की, लेकिन कहा कि कप्तान समेत कुछ खिलाड़ी अनुशासनहीन हैं, जिन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को अपशब्द कहे जिससे प्रदर्शन पर असर पड़ा।
प्रो लीग हॉकी में पाकिस्तान सारे आठ मैच हारकर नौ टीमों में आखिरी स्थान पर है। अब वह विश्व कप के आखिरी क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए मिस्र जाएगा।
यह भी खबरें पढ़ें
ट्रेविस हेड की कप्तानी में खराब शुरुआत, ऑस्ट्रेलिया को 7 साल बाद पाकिस्तान ने हराया
‘पाकिस्तान हटे तो हम कोलंबो की टिकट कराएं’, टी20 वर्ल्ड कप से हटने की गीदड़भभकी के बीच आइसलैंड क्रिकेट ने लिए PCB के मजे
