पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहज़ाद ने विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के बल्लेबाजी के तरीके की कड़ी आलोचना की है। अहमद शहजाद ने वरिष्ठ खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान के इरादों और हालिया प्रदर्शन में सुधार की कमी पर सवाल उठाए।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर चर्चा के दौरान शहजाद ने रिजवान की बल्लेबाजी शैली का तीखा विश्लेषण किया। अहमद शहजाद ने रिजवान पर बहुत ज्यादा सावधानी से खेलने और तेज गेंदबाजी के सामने खुद को ढाल पाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
‘रिजवान का तरीका अब बेअसर हो गया’
अहमद शहजाद के अनुसार, मोहम्मद रिजवान अक्सर गेंदबाजों पर दबाव बनाने के बजाय सिंगल्स लेने और धीमी गति से रन बनाने पर ज्यादा ध्यान देते हैं। अहमद शहजाद ने बताया कि मोहम्मद रिजवान का तरीका आधुनिक क्रिकेट में अब बेअसर हो गया है।
अहमद शहजाद ने तर्क दिया कि इस तरह की बल्लेबाजी विरोधी गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेलने के बजाय उन्हें हावी होने का मौका देती है। मोहम्मद रिजवान के आउट होने का वीडियो देखते हुए अहमद शहजाद ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘इतना-इतना गैप बनाकर खेल रहे हो। आगे ही नहीं आ रहे हो। डर रहे थे? क्या हो रहा है?’
‘इतने सीनियर खिलाड़ी होकर अच्छा लगता है’
अहमद शहजाद ने कहा, ‘145 वाला, 147 वाला बॉलर गेंदबाजी कर रहा होता है तब क्यों नहीं आगे आते हो, बॉल जब थोड़ा सीम हो रहा होता है। बॉल अंदर आता है, क्यों क्या होता है? क्यों नहीं लाइन के ऊपर आ रहे हो? इतने सीनियर खिलाड़ी हैं, अच्छा लगता है? अच्छा लगता है इस तरह खेलते हुए? यूं नहीं आएगा रेंज में। थोड़ा सा दिल बड़ा करना पड़ेगा। अगर आप इसी तरह खेलते रहे तो गेंद कभी भी आपकी रेंज में नहीं आएगी।’
अहमद शहजाद ने कहा, ‘… और यह अपने आप से पूछिए। दुनिया को छोड़ें। आप अपने आप से पूछें कि क्या आप बॉल की लाइन में आ रहे हैं। आप जिस तरह से आउट हो रहे हैं। राणा को खेल रहे हैं। तस्कीन के खिलाफ इतना-इतना गैप बनाकर आप आउट हुए हैं। अरे क्या इम्प्रूवमेंट किया आपने। इतना आपको टाइम मिला। इतना टाइम था आपके पास। आप तो टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भी आराम कर रहे थे। …तो क्या इम्प्रूवमेंट लेकर आए।’
‘दो शतक लगाकर खुद को साबित करते’
अहमद शहजाद ने कहा, ‘आपका काम था अकेले दम पर दो शतक लगाकर बांग्लादेश के खिलाफ शो करते, कि यह लो, तुमने मुझे बाहर निकाला है, यह लो मेरी परफॉर्मेंस। यह मैं खड़ा हूं। मेरे बगैर तुम्हारी पाकिस्तान की टीम कुछ भी नहीं है। हम सारे गलत बोलते हैं, लेकिन नहीं…।’
अहमद शहजाद ने कहा, ‘सिर्फ बातें, सिर्फ बातें, ठुमके बातें, ठुमके बातें। इस तरह चल रहे हैं आप। यह लर्न ही लर्न चलता रहेगा इस तरह… आप याद रखना। नहीं तो बहुत टाइम करीब आ गया है आपका। यह याद रखिए।’
ये खबरें भी पढ़ सकते हैं
‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’: शोएब अख्तर को मिला मुंहतोड़ जवाब, भारत की जीत के बाद दिया था ‘अमीर बच्चे’ वाला बयान
‘तुम्हारे साथी इंडिया खेल रहे, तुमने क्या सोचा?’: सूर्या की पत्नी के सवाल ने बदली जिंदगी, भारतीय कप्तान ने सुनाया किस्सा
