टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल मच गया है। मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद ने शनिवार (14 मार्त) को मिस्बाह-उल-हक और सरफराज अहमद के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बाबर आजम को टी20 वर्ल्ड कप में ले जाने के फैसले का बचाव किया। फखर जमान और नसीम शाह की टूर्नामेंट के बाद लगी चोटों की आधिकारिक जांच बैठा दी है। उन्होंने पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस से हर हार के बाद बड़े बदलाव की मांग करने की अपनी आदत छोड़ने की अपील की।
खराब फॉर्म के बावजूद टी20 टीम में बाबर की वापसी पर सबसे ज्यादा सवाल उठे। जावेद ने कहा कि बाबर को टीम में श्रीलंका के स्पिन के मुफीद, कम स्कोर वाले हालात की वजह से लाया गया,जहां एक एंकर बैटर पारी को संभालने के लिए जरूरी था। उसकी स्ट्राइक रेट के बजाय रणनीतिक अहमियत होती है। उन्होंने कहा, ’15 में होने का मतलब यह नहीं है कि उन्हें हर मैच खेलना है। कोच और कप्तान को उनको इस्तेमाल करने की आजादी थी, जहां हालात ऐसे थे कि टेक्निकली मजबूत बैट्समैन की जरूरत थी।’
फखर जमान और नसीम शाह की चोट की जांच
बाबर अभी उंगली की चोट से जूझ रहे हैं और बांग्लादेश सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। जावेद ने इसे लेकर सवाल पर कहा, ‘अगर हम सेमीफाइनल में पहुंच जाते, तो क्या वह खेलने के लिए फिट भी होते? हमें यही पता लगाना है।’ टी20 वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद से फखर जमान और नसीम शाह दोनों के चोटिल होने की पुष्टि हो चुकी है। साथ ही सलमान मिर्जा भी अनफिट हैं।
वर्ल्ड कप खत्म होने के ठीक बाद दो खिलाड़ी कैसे घायल हो गए
आकिब जावेद ने कहा कि समिति ने बोर्ड के जरिए इस बात की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है कि क्या खिलाड़ी वर्ल्ड कप के दौरान पूरी तरह से फिट थे और चयनकर्ताओं को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। उन्होंने कहा, ‘हम पूछ रहे हैं कि यह कैसे हो सकता है कि वर्ल्ड कप खत्म होने के ठीक बाद दो खिलाड़ी घायल हो गए। यह जानकारी हमें मिल जानी चाहिए थी।’
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 128 रन से हराया; सदाकत का ऑलराउंड प्रदर्शन, सलमान का अर्धशतक
