काबुल में कथित पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान के क्रिकेट खिलाड़ियों ने गहरा दुख और चिंता जताई है। खिलाड़ियों ने नागरिकों की मौत और घायल हुए लोगों का मुद्दा उठाते हुए इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अफगान क्रिकेटरों ने रमजान के दौरान हुए इस हमले को लेकर बेगुनाहों की सुरक्षा और मानवता के सम्मान की जरूरत पर जोर दिया। अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने बताया कि हमलों में कम से कम 400 लोगों की मौत हुई, जबकि 250 से ज्यादा लोग घायल हुए।

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के राशिद खान ने काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र पर पाकिस्तानी सेना के हवाई हमले की निंदा की और आम नागरिकों के हताहत होने पर चिंता जताई है। राशिद खान ने कहा कि रिहायशी घरों, शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों को निशाना बनाना एक युद्ध अपराध है।

रमजान में बेहद घिनौनी हरकत: राशिद खान

राशिद खान ने कहा, ‘काबुल में पाकिस्तानी हवाई हमलों के कारण आम जनता के हताहत होने की ताजा खबरों से मुझे गहरा दुख हुआ है। आम नागरिकों के घरों, शिक्षण संस्थानों या चिकित्सा सुविधाओं को निशाना बनाना (चाहे जान-बूझकर किया गया हो या गलती से) एक युद्ध अपराध है। इंसानी जानों के प्रति इस तरह की घोर उपेक्षा, खासकर रमजान के पवित्र महीने में बेहद घिनौनी और गहरी चिंता का विषय है। इससे केवल फूट और नफरत ही बढ़ेगी।’

राशिद खान की संयुक्त राष्ट्र से गहन जांच की मांग

राशिद खान ने आगे लिखा, ‘मैं संयुक्त राष्ट्र और अन्य मानवाधिकार एजेंसियों से अपील करता हूं कि वे इस ताजा अत्याचार की गहन जांच करें और इसके दोषियों को जवाबदेह ठहराएं। इस मुश्किल घड़ी में मैं अपने अफगानी लोगों के साथ खड़ा हूं। हम इस दुख से उबरेंगे और एक राष्ट्र के रूप में फिर से उठ खड़े होंगे। हम हमेशा ऐसा ही करते आए हैं। इंशाअल्लाह!’

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मोहम्मद नबी ने भी काबुल पर पाकिस्तानी हमलों पर चिंता जाहिर की। बमबारी के पीड़ितों के बारे में लिखते हुए मोहम्मद नबी ने कहा, ‘माएं दरवाजों पर खड़ी अपने बेटों के नाम पुकारती रहीं। रमजान की 28वीं रात को उनकी जिंदगी अचानक खत्म हो गई।’

अफगानिस्तान टी20 टीम के कप्तान इब्राहिम जादरान ने भी इन हमलों में आम नागरिकों के हताहत होने पर चिंता व्यक्त की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इब्राहिम जादरान ने X पर लिखा, ‘आज रात मैंने यहां काबुल में एक जबरदस्त धमाका सुना। कुछ ही पलों बाद हमने एक अस्पताल से आसमान की ओर लपटें उठते देखीं।’

दुनिया से चले गए रोजा रखने वाले: इब्राहिम जादरान

इब्राहिम जादरान ने लिखा, ‘हमारे वे भाई जो कल रोजा रखने वाले थे अब या तो इस दुनिया में नहीं रहे या फिर घायल हैं। आज रात जो भी परिवार शोक में डूबा है, उन सभी के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। काबुल दर्द में है। हम न्याय की प्रार्थना करते हैं।’

गाजा पर इजरायल के हमलों जैसा

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी नवीन-उल-हक ने काबुल में नशा मुक्ति केंद्र पर पाकिस्तानी हमले को गाजा पर इजरायल के हमलों जैसा बताया है। उन्होंने X पर लिखा, ‘इजरायल और पाकिस्तानी सरकार के बीच कोई भी फर्क ढूंढ़ना मुश्किल है।’

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी वफादार मोमंद ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि अस्पताल एक ऐसी जगह है जिसका मकसद इंसानी जान बचाना होता है और वहां खून नहीं बहाया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा, ‘ऐसी जगह पर हमला करना मानवता, नैतिकता और सभी मानवीय मूल्यों के खिलाफ बड़ा अपराध है।’

Kabul Airstrike,Afghan Cricketers Reaction,Rashid Khan Statement,Mohammad Nabi News
अफ़गानिस्तान के काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र पर सोमवार 16 मार्च 2026 की देर रात हुए हवाई हमले की जगह का मुआयना करते हुए स्थानीय निवासी और बचावकर्मी। (फोटो सोर्स- AP/PTI)

ये खबरें भी पढ़ सकते हैं

पाकिस्तान ने काबुल के अस्पताल पर गिराए बम, 400 से ज्यादा की मौत
‘पाकिस्तान को उसकी भाषा में जवाब दिया जाएगा’, तालिबान ने बदला लेने की कसम खाई