पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका लगा है। कप्तान मिचेल मार्श चोटिल होने के कारण पाकिस्तान दौरे से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस टीम की कमान संभालेंगे। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) में लखनऊ सुपर जायंट्स के हिस्सा मार्श आखिरी मैच से पहले ही स्वदेश लौट गए थे। वह आईपीएल के दौरान ही चोटिल हुए थे।
मिचेल मार्श टखने की चोट के कारण 30 मई से शुरू होने वाली 3 मैचों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान के अनुसार, मार्श अब आगे की जांच और इलाज के लिए पर्थ में रहेंगे। हालांकि, पाकिस्तान दौरे के लिए टीम में मार्श की जगह किसी विकल्प का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन मार्श जून में बांग्लादेश के दौरे से फिट हो पाएंगे या नहीं देखने वाली बात होगी। ऑस्ट्रेलिया को तीन वनडे और इतने ही टी20 खेलने हैं।
कमिंस, हेड और हेजलवुड भी दौरे का हिस्सा नहीं
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने कहा, ‘मार्श अगली सूचना तक आगे की जांच और इलाज के लिए पर्थ में ही रहेंगे। बांग्लादेश दौरे के लिए उनकी उपलब्धता पर सही समय पर फैसला लिया जाएगा।’ मार्श के अलावा नियमित कप्तान पैट कमिंस, ओपनर ट्रैविस हेड और जोश हेजलवुड भी पाकिस्तान दौरे पर टीम का हिस्सा नहीं हैं।
इंग्लिस के पास कप्तानी का अनुभव
कमिंस, हेजलवुड और स्टार्क को बांग्लादेश दौरे के लिए भी नहीं चुना गया है, लेकिन हेड टीम से जुड़ेंगे। इंग्लिस ने ऑस्ट्रेलिया के लिए एक वनडे और तीन टी20 मैचों में कप्तानी की है। ये मैच 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में खेले गए था। वनडे सीरीज का पहला मैच रावलपिंडी में होगा, जबकि बाकी दो मैच लाहौर में खेले जाएंगे।
ऑस्ट्रेलिया से वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान की टीम का ऐलान
शाहीन अफरीदी की अगुआई वाली टीम में कई बड़े नामों की वापसी हुई है। बाबर आजम, शादाब खान, नसीम शाह, हारिस रऊफ और सुफियान मोकिम को मौका मिला है, जो बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेले थे। पूरी खबर पढ़ें।
