पाकिस्तान ने गुरुवार (29 जनवरी) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 22 रनों से हराया। पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस प्रारूप में सात साल बाद पहली बार जीत मिली। इस तरह से ट्रेविस हेड की कप्तानी की शुरुआत खराब रही। कंगारुओं के खिलाफ पाकिस्तान को पिछली जीत 2018 में मिली थी। उसने दुबई में ऑस्ट्रेलिया को 33 रनों से हराया था। इस दौरान, 2019 में सिडनी में एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था। इसके अलावा पाकिस्तान सात बार हारा। इसमें यूएई में 2021 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल भी शामिल है।

पाकिस्तान को यह जीत सैम अयूब के शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत मिली। ट्रेविस हेड की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ियों ने डेब्यू किया पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 168 रन बनाए। अयूब (40) ने सबसे ज्यादा रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया 8 विकेट पर 146 रन ही बना पाई। नंबर 10 के बल्लेबाज जेवियर बार्टलेट ने 25 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए। कैमरन ग्रीन ने 31 गेंद पर 36 रन बनाए।

साहिबजादा फरहान पहली ही गेंद पर आउट

इससे पहले, पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान पहली ही गेंद पर आउट हो गए, लेकिन अयूब और कप्तान सलमान आगा (39) ने 74 रन की साझेदारी करके अपनी पारी को संभाला। ऑस्ट्रेलिया के लेग-स्पिनर एडम जम्पा ने 24 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने दोनों बल्लेबाजों को आउट किया और बाबर आजम (24) और उस्मान खान (18) के विकेट लेकर पाकिस्तान को बड़े स्कोर से रोक दिया।

अयूब ने दो विकेट झटका

अयूब ने गेंद से ऑस्ट्रेलिया को परेशान किया। इस ऑफ-स्पिनर ने अपने पहले ओवर में मैथ्यू शॉर्ट को आउट किया और दूसरे ओवर में एक बड़ा झटका दिया। उन्होंने हेड (23) को आउट किया। वह नियमित कप्तान मिचेल मार्श के बिग बैश लीग में प्रतिबद्धता पूरी करके दौरे पर देर से आने के कारण ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे थे।

टी20 वर्ल्ड कप से हटने की गीदड़भभकी के बीच आइसलैंड क्रिकेट ने लिए PCB के मजे

बार्टलेट ने ऑस्ट्रेलिया की हार का अंतर कम किया

ऑस्ट्रेलिया के लिए हालात और खराब हो गए जब मैट रेनशॉ और मिचेल ओवेन दोनों रन आउट हो गए। मोहम्मद नवाज ने पाकिस्तान के पक्ष में मैच को लगभग मोड़ दिया, जब इस लेफ्ट-आर्म स्पिनर ने 13वें ओवर में ग्रीन की 36 रनों की पारी को खत्म किया। बार्टलेट ने अपनी पारी में दो छक्के लगाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया की हार का अंतर थोड़ा कम हुआ। सीरीज के बाकी दो मैच शनिवार और रविवार को इसी मैदान पर खेले जाएंगे।