भारत ने इशान किशन के फिट होने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच की प्लेइंग इलेवन से वैभव सूर्यवंशी को बाहर कर दिया जिन्होंने तीसरे मैच में कीवी टीम के खिलाफ 45 रन की जोरदार पारी खेली थी। हालांकि इशान किशन चौथे मैच में खाता भी नहीं खोल पाए और पवेलियन लौट गए। इसके बाद चर्चा है कि क्या वैभव को इस टी20 सीरीज के आखिरी मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी जो एक नंवबर को खेला जाएगा।

5वें मुकाबले से पहले भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मानना है कि भारत अगर 5वें मैच में वैभव को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना चाहता है तो अभिषेक शर्मा को आराम दिया जा सकता है। हालांकि दिनेश ने साफ तौर पर कहा कि संजू सैमसन को ड्रॉप करने की जरूरत नहीं है। वैसे संजू कीवी टीम के खिलाफ चौथे मैच में नहीं चल पाए थे और उन्होंने सिर्फ 4 रन बनाए थे।

अभिषेक की जगह वैभव को दे सकते हैं मौका

दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा कि हम इस टी20 सीरीज को जीत चुके हैं और ऐसे में मुझे अक्षर पटेल और किसी एक तेज गेंदबाज को बाहर बिठाने में कोई दिक्कत नहीं है। मैं अर्शदीप सिंह को आराम देने और मयंस व प्रिंस को मौका देने के पक्ष में हूं। अर्शदीप चौथे मैच में भी हमेशा की तरह से शानदार रहे हैं और वो इस सीरीज में हमारे सबसे अच्छे गेंदबाज रहे हैं। उन्हें एक मैच के लिए बाहर बिठाने में कोई हर्ज नहीं है और इससे पता लग पाएगा कि इन परिस्थितियों में एक स्पिनर किस तरह का प्रदर्शन कर सकता है।

दिनेश कार्तिक ने आगे कहा कि मुझे पता है कि दुनिया चाहेगी कि वैभव सूर्यवंशी पांचवें मैच में खेलें। अगर भारतीय टीम वैभव को खिलाना चाहती है तो उन्हे अभिषेक शर्मा की जगह आना चाहिए जिससे की उन्हें थोड़ा ब्रेक मिल सके और ऐसा ही होना चाहिए। जब ​​भी वैभव की बात आती है तो संजू का नाम जरूर आता है। अगर आप सच में वैभव को टीम में शामिल करना चाहते हैं तो अभिषेक ब्रेक ले सकते हैं। वो लगातार खेल रहे हैं और इस डेड रबर मुकाबले में उनके ब्रेक लेने से ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा।

अंबाती रायुडू ने कहा कि हैमिल्टन में आप किसी एक तेज गेंदबाज की जगह एक अतिरिक्त स्पिनर को खिला सकते हैं यानी कुलदीप यादव या वरुण चक्रवर्ती में से किसी एक को मौका दे सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि हमें नीतीश कुमार रेड्डी, तिलक वर्मा और नमन धीर के कॉम्बिनेशन के साथ कोई छेड़छाड़ करनी चाहिए, क्योंकि इन तीनों के बीच कुछ जादुई सा हो रहा है। वे एक-दूसरे को बेहतर समझने के लिए साथ में ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहेंगे।

वैभव सूर्यवंशी निकले केएल राहुल से आगे, युवराज सिंह नंबर 1; T20I की पहली 10 पारियों में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले टॉप-5 भारतीय

वैभव ने तीसरे मैच में 4 छक्के लगाए और वो अब टी20आई की पहली 10 पारियों में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)