2026 वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय जोड़ी त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का सफर सेमीफाइनल में मिली हार के साथ ही समाप्त हो गया, लेकिन इस जोड़ी ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने का कमाल किया। शनिवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी एरीना में खेले गए सेमीफाइनल में उन्हें चीन की वर्ल्ड नंबर 1 और टॉप सीडेड जोड़ी लियू शेंग शू और टैन निंग से हार का सामना करना पड़ा।
15 साल के बाद भारत ने वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में जीता ब्रॉन्ज मेडल
इस मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने चीन के खिलाड़ियों को जबरदस्त टक्कर दी और पहला गेम 21-18 से जीता, लेकिन इसके बाद टॉप सीडेड चीनी जोड़ी ने वापसी करते हुए अगले दो गेम 21-13 और 21-8 से जीत लिए। हार के बावजूद त्रिसा और गायत्री ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में महिला डबल्स मेडल के लिए भारत के 15 साल के इंतजार को खत्म कर दिया। इससे पहले 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
दोनों भारतीय खिलाड़ियों का ये सफर क्वार्टर फाइनल में शानदार जीत के साथ शुरू हुआ था जहां भारतीय जोड़ी ने चीन की चौथी वरीयता प्राप्त जिया यी फैन और झांग शू शियान को तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में हराकर मेडल पक्का किया। भारतीय जोड़ी पहला गेम 16-21 से हार गई थी, लेकिन फिर जबरदस्त वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-15 से अपने नाम किया। उन्होंने इसी लय को फैसले वाले गेम में भी बनाए रखा और 21-13 की शानदार जीत के साथ मैच जीत लिया।
2026 वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय जोड़ी ने अपने अभियान की शुरुआत स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिगेज के खिलाफ राउंड ऑफ 64 में 21-9, 21-13 से शानदार जीत के साथ की। इसके बाद उन्होंने राउंड ऑफ 32 में यूएसए की 16वीं वरीयता प्राप्त लॉरेन लैम और एलिसन ली को 21-15, 21-12 से हराया। राउंड ऑफ 16 में उन्होंने जापान की सातवीं वरीयता प्राप्त रिन इवानागा और की नाकानिशी को 21-16, 21-12 से हराकर चौंकाया और 2015 के बाद से वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला डबल्स जोड़ी बन गईं थीं।
यशस्वी नंबर 1, रोहित हैं पंत से आगे; वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के एक साइकल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बैटर
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के एक साइकल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के टॉप-5 बल्लेबाजों की लिस्ट में यशस्वी जायसवाल पहले स्थान पर हैं जबकि रोहित शर्मा और ऋषभ पंत भी इस नंबर पर मौजूद हैं। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
