2026 बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष डबल्स का सफर खत्म हो गया। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को चीन के लियांग वेइकेन्ग और वांग चांग (जो वर्ल्ड नंबर 3 हैं) से सीधे गेम में 18-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। सात्विक-चिराग को मिली इस हार के साथ ही भारत का पुरुष डबल्स में मेडल की उम्मीद भी खत्म हो गया। चीन की जोड़ी के खिलाफ सात्विक-चिराग पूरी तरह से फीके नजर आए और सीधे गेम में उन्हें हार मिली।
सात्विक-चिराग ने 18-21 से गंवाया पहला गेम
इस मुकाबले की जब शुरुआत हुई उसके बाद सात्विक और चिराग ने काफी आक्रामक खेल दिखाया और पहले गेम में दोनों जोड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए हाफ-टाइम ब्रेक तक 11-10 की बढ़त बना रखी थी वहीं ब्रेक के बाद एक बार फिर से सात्विक-चिराग ने अपने कोण वाले रिटर्न के दम पर 16-14 की बढ़त हासिल कर रखी थी, लेकिन इसके बाद से गेम एकदम से पलट गया और भारतीय जोड़ी की गलतियों का फायदा उठाते हुए चीन के खिलाड़ियों ने स्कोर को 18-18 से बराबर कर दिया। इसके बाद भारतीय जोड़ी दवाब में बिखर गई और आखिर में उसे पहले गेम में 18-21 से हार मिली।
भारतीय जोड़ी को दूसरे गेम में 9-21 से मिली हार
इस मैच में पहला गेम जीतने के बाद चीन के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर था और दूसरे गेम में इस जोड़ी ने सात्विक-चिराग को संभलने का मौका बिल्कुल भी नहीं दिया। शुरुआत से ही चीनी जोड़ी ने इन दोनों पर दबाब बनाए रखा और ब्रेक तक 11-5 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। चिराग ने सर्विस में गलतियां कीं और पूरी भारतीय जोड़ी अपनी लय हासिल करने के लिए संघर्ष करती हुई नजर आई। भारतीय खिलाड़ियों ने वापसी की काफी कोशिश की, लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाए और आखिर में दूसरा गेम 9-21 से गंवा बैठे।
सात्विक-चिराग ने जाहिर की निराशा
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में हार के बाद उन मौकों को गंवाने पर निराशा जताई जिन्हें वे आक्रामक खेल के दौरान अंक में बदल सकते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि मुकाबले में पहले चार शॉट और सर्विस की अहम जंग में वे पिछड़ गए जिससे उनके पदक जीतने की उम्मीद खत्म हो गई। चिराग ने कहा कि मुझे लगता है कि पहला गेम हारने के बाद उन्होंने दूसरे गेम में काफी ज्यादा आक्रामक होकर वापसी की। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हम भी ठीक-ठाक खेले। मैं यह नहीं कहूंगा कि हम खराब खेले। लेकिन जिन कई मौकों पर हमें लगा था कि हम अंक हासिल कर लेंगे वहां हम ऐसा नहीं कर सके क्योंकि वे काफी ठोस खेल खेल रहे थे।
सिराज हैं बेन स्टोक्स से आगे, टॉप-10 में दो भारतीय; WTC 2025-27 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-10 बॉलर
मोहम्मद सिराज ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में दो विकेट लिए और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ दिया। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
