भारत के स्टार एमएमए फाइटर संग्राम सिंह ने पाकिस्तानी फाइटर मोहम्मद आबिद अली का घमंड तोड़ दिया और उन्हें सिर्फ एक मिनट 20 सेकंड में ही चित कर दिया। एमएमए में ये संग्राम सिंह की लगातार चौथी जीत भी रही साथ ही पाकिस्तानी फाइटर पर उनकी ये दूसरी जीत रही। संग्राम सिंह का एमएमए के मंच पर अपराजित रहने का सिलसिला जारी है और वो एशियाई चैम्पियन टाइटिल जीतने वाले पहले भारतीय भी बन गए हैं।

संग्राम सिंह ने देश को समर्पित की जीत

इस फाइट का आयोजन मलयेशिया में किया गया था और इसे लेकर मलयेशियाई दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था। संग्राम सिंह के जीतने के बाद भारतीय फैंस रिंग के बेहद करीब आकर भारत माता की जय के नारे लगाने लगे। वहीं संग्राम सिंह ने जहां इस जीत को 140 करोड़ भारतीयों को समर्पित किया तो वहीं मोहम्मद बूटा के नाम से मशहूर मोहम्मद आबिद अली ने फेस ऑफ वाले दिन की तरह ही विवादास्पद बयान दिए। उसकी हार की खीझ लगातार बाहर आती रही।

आबिद ने कहा कि मलयेशिया में जितने भी मुसलमान हैं, वह उन सबसे बहुत प्यार करते हैं। उनके इस बयान पर भी वहां काफी हूटिंग हुई। वहीं संग्राम सिंह ने कहा कि उनका किसी भी फाइट में एक ही उद्देश्य रहता है कि देश का तिरंगा ऊंचा हो और उन्हें खुशी है कि उन्हें एक बार फिर इसे ऊंचा करने का सौभाग्य मिला। इससे पहले संग्राम सिंह पाकिस्तान के अली रजा नासिर, ट्यूनीशिया के हाकिम तराबेसी और फ्रांस के फ्लोरियन काउडियर को हरा चुके हैं।

संग्राम सिंह ने डटकर किया मुकाबला

फाइनल से पहले वजन और मोहम्मद आबिद अली के बड़ेबोले बयान के बाद यह मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुका था, लेकिन दोहरे हैवीवेट कॉमनवेल्थ चैम्पियन ने अपने देशवासियों को निराश नहीं होने दिया।  संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद आबिद अली की पंचिंग काफी अच्छी थी। उसने पंचिंग से अटैक किया जिस पर संग्राम लगातार बचते रहे। उसकी ऊंची कदकाठी होने से उसके पंच की पहुंच भी अच्छी थी जिससे उसका एक पंच संग्राम की आंख पर लगा। उसकी इस खूबी को देखकर संग्राम ने कोई जल्दबाजी या हड़बड़ाहट नहीं दिखाई।

हालांकि आबिद भी कुश्ती से एमएमए में आए हैं लेकिन कुश्ती के दांव-पेंचों में संग्राम ने उन्हें बुरी तरह असहाय कर दिया। 30वें सेकंड में संग्राम ने शानदार तरीके से लेग अटैक किया और पलक झपकते ही उन्होंने आबिद पर एंकल होल्ड करके अपनी जीत की आधारशिला रख दी। इसके लिए वह पहले तो आबिद को रिंग के किनारे पर एंकल होल्ड करके उसे खींचकर अंदर लाए और फिर  उसी पोजीशन पर उन्होंने आबिद को चोक कर दिया और इसका कोई जवाब आबिद के पास नहीं था।

संग्राम बने एशियाई चैम्पियन

संग्राम की इस जीत पर पूरा स्टेडियम खुशी से झूम उठा और इस तरह उनका एशिया चैम्पियन बनने का सपना साकार हो गया। संग्राम सिंह ने कहा कि वह मेरे अटैक पर एक्शन को डेड करना चाहता था लेकिन उन्होंने उसे अंदर खींचकर उसकी मंशा को पूरा नहीं होने दिया। वहीं कोच भूपेश ने कहा कि आबिद की ऊंची कदकाठी और पंच लगाने की फुर्ती से एक समय तो लगा था कि यह मुक़ाबला काफी नजदीकी रहेगा लेकिन कुश्ती का अनुभव उनके बहुत काम आया। अर्जेंटीना में पिछला मुकाबला भी  उन्होंने इसी तरह लेग अटैक पर जीता था।

वैभव दिखेंगे एक्शन में, भारत अब जिम्बाब्वे के साथ खेलेगा 3 मैचों की टी20 सीरीज, शाम में 7.30 नहीं इतने बजे शुरू होगा मैच

इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में एक बार फिर से वैभव एक्शन में नजर आएंगे। ये मैच शाम में कितने बजे शुरू होगा और कब खेले जाएंगे इसकी पूरी जानकारी यहां उपलब्ध है। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)