जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में मंगलवार को जहां दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू की जीत एक नई उम्मीद लेकर आई थी। वहीं बुधवार को लक्ष्य सेन की हार से भारत को बड़ा झटका लगा है। इतना ही नहीं युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी और उन्नति हुड्डा की हार से भी भारत के हाथ निराशा लगी है। अब इसके बाद भारत के लिए पदक की उम्मीदें पर सिंधू पर ही टिकी हैं। उनके अलावा मिश्रित टीम भी देश के लिए पदक जीत सकती है।

युवा बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी और उन्नति हुड्डा बुधवार को संघर्षपूर्ण मुकाबलों में हार गए। वहीं स्टार शटलर लक्ष्य सेन को सीधे गेम में पराजय मिली। एशिया चैम्पियनशिप के उपविजेता आयुष को दूसरी वरीयता प्राप्त पूर्व विश्व चैम्पियन थाईलैंड के कुन्लावुत वितिदसर्न ने 21-19, 23-25, 21-15 से हराया।

इसके अलावा विश्व रैंकिंग में 24वें स्थान पर काबिज उन्नति को चीनी ताइपै की हुआंग यू सुन ने 16-21, 21-16, 21-15 से मात दी। आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप उपविजेता लक्ष्य को स्थानीय खिलाड़ी कोकी वातानाबे ने 38 मिनट में 21-16, 21-14 से हराया। भारत के तीनों बैडमिंटन खिलाड़ी पहले दौर की बाधा भी पार नहीं कर सके।

विश्व चैम्पियनशिप से पहले झटका

भारतीय शटलर्स का यह प्रदर्शन बैडमिंटन अथॉरिटी ऑफ इंडिया के लिए एक बड़ा झटका है। इस तरह का प्रदर्शन अगले महीने दिल्ली में होने वाली विश्व चैम्पियनशिप से पहले अच्छा संकेत नहीं है। गौरतलब है कि भारत 17 साल बाद इस टूर्नाकी मेजबानी कर रहा है। अब भारत की उम्मीदें दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिश्रित टीम पर टिकी हैं।

पीवी सिंधू का सामना अगले राउंड में पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन की हान युइ से होगा जबकि ध्रुव और तनीषा शीर्ष वरीयता प्राप्त फेंग यान झि और हुआंग डोंग पिंग से खेलेंगे।

जापान ओपन 2026 में अब तक के मैचों के परिणाम

  • मेंस सिंगल्स: लक्ष्य सेन को जापान के कोकी वातानाबे ने 38 मिनट में 21-16, 21-14 से हराया।
  • मेंस सिंगल्स: आयुष शेट्टी को थाईलैंड के कुन्लावुत वितिदसर्न ने 21-19, 23-25, 21-15 से हराया।
  • विमेंस सिंगल्स: उन्नति हुड्डा को चीनी ताइपै की हुआंग यू सुन ने 16-21, 21-16, 21-15 से मात दी।
  • विमेंस सिंगल्स: पीवी सिंधु ने वोंग लिंग चिंग (मलेशिया) को 21-14, 21-11 से हराया।
  • मिक्स्ड डबल्स: ध्रुव कपिला/तनिषा क्रैस्टो ने अलेक्जेंडर डन/जूली मैकफर्सन (स्कॉटलैंड) को 21-16, 21-14 से हराया।
  • मिक्स्ड डबल्स: फेंग यान झे/हुआंग डोंग पिंग (चीन) ने रोहन कपूर/रुतविका शिवानी गद्दे को 21-11, 21-10 से हराया।
  • मेन्स डबल्स: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी/चिराग शेट्टी को डैनियल लुंडगार्ड/मैड्स वेस्टरगार्ड (डेनमार्क) के खिलाफ रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा।
  • मेन्स डबल्स: ली जे-ह्यूई/यांग पो-ह्सुआन (चीनी ताइपे) ने हरिहरन अम्सकारुनन/एमआर अर्जुन को 21-13, 17-21, 21-7 से हराया।

पीवी सिंधु की दमदार जीत, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी ने बीच में छोड़ा मैच

जापान ओपन 2026 में भारत को मिला-जुला परिणाम मिला। पीवी सिंधु ने शानदार जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बनाई, जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी चोट के कारण मैच के बीच से हट गए। वे अब चीन ओपन में भी नहीं खेलेंगे। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर