भारतीय MMA स्टार और अंतरराष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह 19 जुलाई 2026 को कुआलालंपुर में पाकिस्तान के आबिद अली से भिड़ेंगे। भारत और पाकिस्तान के फाइटरों के बीच होने वाले इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले एक विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार को फाइट से एक दिन पहले दोनों देशों के फाइटर और सपोर्ट स्टाफ का फेस ऑफ हुआ। इस फेस ऑफ में फाइटरों को अपने अलग तरह के स्टांस में खड़े होना था। इस दौरान संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने आयोजकों के सामने मोहम्मद आबिद अली के वजन को लेकर विरोध दर्ज करा दिया।

उनका कहना था कि जब संग्राम सिंह का वजन तीन-तीन बार चेक किया गया है तो फिर पाकिस्तानी फाइटर का वजन भी कई बार चेक होना चाहिए। भूपेश कुमार ने यह मामला इसलिए उठाया क्योंकि आबिद का वजन निर्धारित 84 किलोग्राम से कहीं अधिक लग रहा है। स्ट्राइक-एमएमए के सीईओ मोहम्मद हाकिम बिन लुकमान अब्दुल्ला ने इस विरोध को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। सब ठीक है।

जहां फेस ऑफ में संग्राम सिंह बेहद शांत दिखे और उन्होंने विनम्रतापूर्वक इतना ही कहा कि यह एक अच्छी फाइट होगी। हमें खेल ही सिखाता है कि कभी हार नहीं माननी चाहिए। चैम्पियन बनने के लिए अपने प्रयास जारी रखने चाहिए। वहीं मोहम्मद आबिद अली के स्टांस को लेकर उठे सवालों पर इस फाइटर ने बड़बोला रवैया अपनाया।

आबिद अली ने दिखाया बड़बोला रवैया

पाकिस्तान के फाइटर आबिद अलि ने कहा कि ये सब तो रिंग में पता चलेगा। रविवार को उन्हीं का दिन होगा और वही ये फाइट जीतने जा रहे हैं। जैसे ही इस फाइट के लिए फेस ऑफ की घोषणा हुई, संग्राम सिंह ने आर्थोडॉक्स स्टांस के साथ बॉक्सिंग का एक्शन किया, जबकि पाकिस्तान के फाइटर मोहम्मद आबिद अली ने दोनों पैरों के बीच गैप को रखते हुए बॉक्सिंग का अजीबोगरीब स्टांस लिया। एक दूसरे को ललकारने के अंदाज के बाद संग्राम ने वहां बैठे एमएमए प्रेमियों की ओर भी स्टांस लिया, उनके इस अंदाज का दर्शकों ने तालियां बजाकर अभिवादन किया।

क्या बोले संग्राम सिंह?

भारत में इस खेल के आइकन बन चुके संग्राम सिंह और पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद आबिद अली यहां रविवार को एशिया चैम्पियन एमएमए टाइटिल फाइट के लिए चुनौती रखने वाले हैं। संग्राम सिंह ने कहा कि वह एक भावुक पल था। आबिद अली दिखने में मुझसे ज्यादा तगड़ा और लम्बा है। मुझे अपनी दिल्ली वाली तैयारियों पर पूरा भरोसा है। जबकि पाकिस्तानी फाइटर के अजीबोगरीब स्टांस के सवाल पर संग्राम ने कहा कि वह इस बात को ज़्यादा महत्व नहीं देते क्योंकि ब्राजील के एक चैम्पियन फाइटर ने भी कुछ इसी तरह का स्टांस लिया है।

आबिद अली के खिलाफ फाइट से पहले संग्राम सिंह और सपोर्ट स्टाफ

उन्होंने कहा कि बेशक एमएमए में वह एक पाकिस्तानी को पहले भी हरा चुके हैं और वह अब तक तीन एमएमए फाइट जीत चुके हैं लेकिन अपनी चौथी फाइट को वह बात समझदारी से और योजनाबद्ध तरीके से लड़ेंगे। संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने कहा कि संग्राम सिंह वजन घटाने के बाद पहले से ज़्यादा फिट नज़र आ रहे हैं। उनकी यही फिटनेस आबिद अली पर भारी पड़ सकती है। दो बार के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैम्पियन रह चुके संग्राम सिंह और मोहम्मद आबिद अली का यह मुकाबला रविवार को भारतीय समय के अनुसार शाम सात बजे से शुरू होगा।

कितने बजे होगा मुकाबला?

मलेशिया स्ट्राइक में कई एमेच्योर फाइटरों के मुकाबले भी होने हैं जो दोपहर दो बजे से शुरू हो जाएंगे। इस फाइट का प्रसारण मलेशिया के नेशनल स्पोर्ट्स चैनल पर किया जाएगा, जिसे भारत में डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये देखा जा सकता है। इसके आयोजक स्ट्राइक-एमएमए के अध्यक्ष इस्माइल मारजुकी बिन और सीईओ मोहम्मद हाकिम बिन लुकमान अब्दुल्ला ने बताया कि इस मुकाबले की टिकटों को लेकर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। खासकर संग्राम सिंह की फाइट को लेकर जबरदस्त उत्साह है। इन मुकबलों की सबसे सस्ती टिकटें 50 रिंगित यानी 1200 रुपये और सबसे महंगी टिकटें 1500 रिंगित यानी करीब 42 हजार रुपये की निर्धारित की गई हैं। टिकटें खरीदने वालों में बड़ी संख्या भारतीयों की हैं।

पिछले तीनों MMA मुकाबलों में जीते संग्राम सिंह

संग्राम सिंह ने पाकिस्तान के अली रजा को हराने के बाद नीदरलैंड्स में ट्यूनीशियाई फाइटर हाकिम ट्रैबेल्सी के खिलाफ फाइट को दूसरे राउंड तक नहीं जाने दिया था। वहीं पिछले दिनों अर्जेंटीना के शहर ब्यूनस आयर्स में उन्होंने फ्लोरियन काउडियर को महज एक मिनट 45 सेकंड में शिकस्त देकर इतिहास रच दिया था। उन्हें अर्जेंटीना में फाइट जीतने वाले पहले भारतीय होने का गौरव हासिल हुआ था।

‘‘पाकिस्तानी खिलाड़ी जीतने के लिए गलत हथकंडे अपनाते हैं’’, एशिया टाइटल फाइट से पहले संग्राम सिंह का दावा

मलेशिया में 19 जुलाई को होने वाले एशिया चैंपियनशिप मुकाबले से पहले संग्राम सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ी अक्सर गलत तरीकों से जीतने की कोशिश करते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह रिंग में केवल अपने खेल और अनुशासन से जवाब देंगे। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर