फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले फिर स्लोवेनिया के रेफरी स्लावको विंचिच चर्चा में हैं। फीफा ने स्पेन और अर्जेंटीना के बीच रविवार 19 जुलाई 2026 की रात को होने वाले खिताबी मुकाबले की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। हालांकि, छह साल पहले स्लावको विंचिच तब सुर्खियों में आ गए थे, जब बोस्निया और हर्जेगोविना में कथित ‘सेक्स पार्टी’ और ड्रग्स के खिलाफ पुलिस की छापेमारी के दौरान उन्हें हिरासत में लिया गया था। बाद में पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया और उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
स्पेन और अर्जेंटीना के फाइनल में संभालेंगे जिम्मेदारी
फीफा ने बुधवार 15 जुलाई को घोषणा की कि स्लावको विंचिच 20 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले जाने वाले फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में रेफरी होंगे। उनके साथ स्लोवेनिया के ही टोमाज क्लान्चनिक और आंद्राज कोवाचिच सहायक रेफरी की भूमिका निभाएंगे, जबकि जॉर्डन के अधम मखादमेह चौथे अधिकारी होंगे।
2020 में पुलिस की छापेमारी में हिरासत में लिए गए
मई 2020 में बोस्निया और हर्जेगोविना के बिजेल्जिना शहर के एक फार्महाउस पर पुलिस ने कथित तौर पर वेश्यावृत्ति और मादक पदार्थों से जुड़े रैकेट के खिलाफ छापा मारा था। इस दौरान नौ महिलाओं और 26 पुरुषों को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने मौके से चार पैकेट कोकीन, 10 पिस्तौल, तीन बुलेटप्रूफ जैकेट और 10 हजार यूरो से अधिक नकदी भी बरामद की थी।
स्लावको विंचिच भी उस समय मौके पर मौजूद थे और उन्हें अन्य लोगों के साथ पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। हालांकि जांच में उनके खिलाफ किसी तरह की संलिप्तता नहीं मिली। उनसे गवाह के तौर पर पूछताछ की गई और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया।
सफाई में क्या बोले थे स्लावको विंचिच?
रिहा होने के बाद स्लावको विंचिच ने स्लोवेनियाई मीडिया से कहा था कि वह बोस्निया एक कारोबारी बैठक के सिलसिले में गए थे। उनके मुताबिक, उन्हें दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन वहां पहुंचने पर पुलिस ने छापा मार दिया।
उन्होंने कहा था कि यह उनके जीवन की सबसे बड़ी गलती थी। उनका कहना था कि उनका उस समूह या कथित रैकेट से कोई संबंध नहीं था और न ही उनके कारोबारी सहयोगियों का। पूछताछ के बाद जब पुलिस को पता चला कि उनका मामले से कोई लेना-देना नहीं है, तो उन्हें छोड़ दिया गया।
रेफरी संघ ने भी किया था बचाव
स्लोवेनिया फुटबॉल रेफरी संघ के अध्यक्ष व्लादो साजन ने भी उस समय स्लावको विंचिच का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि उपलब्ध आधिकारिक और अनौपचारिक जानकारी के अनुसार स्लावको विंचिच किसी भी अपराध के संदिग्ध नहीं थे और उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। उनके मुताबिक, वह दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों की वजह से उस जगह मौजूद थे।
स्लावको विंचिच रखते हैं बड़े मुकाबलों का अनुभव
स्लावको विंचिच यूरोप के सबसे अनुभवी रेफरी में गिने जाते हैं। उन्होंने 2024 यूईएफए चैंपियंस लीग फाइनल में रियल मैड्रिड और बोरूसिया डॉर्टमुंड के बीच मुकाबले में भी रेफरी की भूमिका निभाई थी।
अर्जेंटीना के मुकाबलों की बात करें तो उन्होंने 2022 फीफा विश्व कप में अर्जेंटीना और सऊदी अरब के बीच मुकाबले में भी रेफरी की भूमिका निभाई थी। उस मैच में लियोनेल मेसी की टीम को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
विश्व कप 2026 में अब तक कराए तीन मैच
विश्व कप 2026 में स्लावको विंचिच अब तक तीन मुकाबलों में रेफरी रह चुके हैं। इनमें मेक्सिको बनाम इक्वाडोर, ब्राजील बनाम मोरक्को और अल्जीरिया बनाम जॉर्डन के मैच शामिल हैं। अब उनके करियर का सबसे बड़ा मुकाबला स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाला विश्व कप फाइनल होगा, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी होंगी।
मेसी के निशाने पर फाइनल में होंगे 5 बड़े रिकॉर्ड्स; रोनाल्डो समेत तीन खिलाड़ियों को छोड़ सकते हैं पीछे
मेसी फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन के खिलाफ जब मैदान पर उतरेंगे तब उनके पास कई बेहतरीन रिकॉर्ड्स अपने नाम पर करने का मौका होगा। वो रोनाल्डो समेत 3 बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ सकते हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
