दुनिया की बेहतरीन टीमों में शुमार जर्मनी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपनी शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की और इस सीजन में डेब्यू करने वाली टीम कुराकाओ को 7-1 के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ जर्मनी ने ना सिर्फ 3 अंक हासिल किए बल्कि फुटबॉल वर्ल्ड कप इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जो पहले ब्राजील के नाम पर दर्ज था।

ग्रुप ई में हुए इस मुकाबले में जर्मनी की टीम शुरुआत से ही कुराकाओ पर पूरी तरह से हावी नजर आई और इस टीम ने वैसा ही खेल दिखाया जिसके लिए वो जाने जाते हैं। जर्मनी में किसी भी पल इस मैच में विरोधी टीम को जरा सा भी खुद पर हावी नहीं होने दिया और 7-1 के अंतर से उसे हराया और साल 2014 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की याद ताजा करवा दी जिस मुकाबले में जर्मनी ने ब्राजील को 7-1 से हराया था।

जर्मनी को बड़े अंतर से मिली जीत

इस मैच में कुराकाओ के खिलाफ जर्मनी ने बेहद तेज अंदाज में शुरुआत की। छठे मिनट में फेलिक्स नेमेचा ने शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि 21वें मिनट में कुराकाओ ने बराबरी का गोल दागते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद जर्मनी ने मैच पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया। 38वें मिनट में निको श्लॉटरबेक ने कॉर्नर पर शानदार हेडर लगाकर टीम को बढ़त वापस दिलाई। हाफ टाइम से ठीक पहले काई हैवर्ट्ज ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 3-1 कर दिया। दूसरे हाफ की शुरुआत के सिर्फ 69 सेकेंड बाद ही जमाल मुसियाला ने गोल दागकर मुकाबला लगभग समाप्त कर दिया। इसके बाद नाथानियल ब्राउन, डेनिज उंडाव और काई हैवर्ट्ज ने गोलों की बरसात जारी रखी और जर्मनी ने 7-1 के अंतर से मैच जीत लिया।

जर्मनी ने बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

कुराकाओ के खिलाफ 7 गोल दागने के साथ ही जर्मनी फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम बन गई। जर्मनी के अब फुटबॉल वर्ल्ड कप में कुल 239 गोल हो गए जबकि ब्राजील 238 गोल के साथ दूसरे नंबर पर आ गया। वहीं फीफा वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में तीसरे नंबर पर अर्जेंटीना है जिसके 152 गोल हैं। यही नहीं ये चौथा मौका है जब जर्मनी ने किसी वर्ल्ड कप मैच में 7 या उससे ज्यादा गोल दागे हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड हंगरी के नाम था, जिसने तीन बार ऐसा कमाल किया था।