वनडे वर्ल्ड कप का आगाज 1975 से हुआ था। पहले दो संस्करण 1975 और 1979 में चैंपियन बनी वेस्टइंडीज टीम का हाल पिछले एक दशक में लगातार बद से बदतर होता जा रहा है। वेस्टइंडीज की टीम लगातार तीसरी बार वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए सीधे क्वालिफाई करने में नाकाम रही है। मौजूदा वनडे रैंकिंग में 10वें नंबर पर काबिज कैरेबियाई टीम वर्ल्ड कप 2027 का सीधे क्वालिफिकेशन का टिकट हासिल करने से चूकी है। वहीं अफगानिस्तान की टीम ने इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
अफगानिस्तान की टीम ने आयरलैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला 92 रनों से शुक्रवार को जीता था। इस जीत से अफगान टीम को फायदा मिला और अब वह वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए लगभग क्वालिफाई कर चुकी है। वहीं वेस्टइंडीज टीम को अब क्वालिफायर्स खेलने होंगे और टिकट हासिल करने के लिए अन्य एसोसिएट नेशन की टीमों के साथ भिड़ना होगा। गौरतलब है कि वनडे टीमों की रैंकिंग में टॉप 8 टीमें सीधे विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी।
वहीं मेजबान देश (फुल मेंबर नेशन, एसोसिएट नेशन नहीं) की टीमों को सीधे एंट्री मिलती है। वनडे वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होगा। साउथ अफ्रीका की टीम तीन मेजबानों में अकेली है जो टॉप 8 में मौजूद है, ऐसे में नंबर 9 की टीम (बांग्लादेश) को भी सीधे क्वालिफाई करने का मौका मिल सकता है। वहीं जिम्बाब्वे की टीम 11वें नंबर पर है। ऐसे में 10वें और 11वें नंबर की टीमों को क्वालिफिकेशन के लिए क्वालिफायर्स में जीत दर्ज करनी होंगी।
भारत को हराकर भी वेस्टइंडीज नहीं कर पाएगी एंट्री
अगर आयरलैंड की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ 5-0 या 4-1 से वनडे सीरीज जीत जाती और फिर वेस्टइंडीज आगामी सीरीज में भारत को 2-0 से हराती, इस स्थिति में ही विंडीज को वर्ल्ड कप का टिकट मिल सकता था। मगर अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और फिर दूसरा मुकाबला अफगानिस्तान ने अपने नाम कर लिया। अब वेस्टइंडीज अगर भारत को 2-0 से हराती भी है, फिर भी नहीं क्वालिफाई कर पाएगी।
इससे पहले 2019 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी वेस्टइंडीज की टीम नहीं क्वालिफाई कर पाई थी, लेकिन वहां टीम ने क्वालिफायर्स में बेहतरीन जीत के बाद टिकट हासिल किया था। फिर 2023 विश्व कप के लिए भी वेस्टइंडीज को क्वालिफिकेशन टिकट नहीं मिला था। उस टूर्नामेंट के क्वालिफायर्स में भी कैरेबियाई टीम हार गई थी। यानी अब तीसरी बार लगातार वेस्टइंडीज की टीम सीधे एंट्री नहीं ले पाई है। अब देखना होगा कि क्वालिफायर्स में कैरेबियाई टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है।
भारतीय टीम में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 5 हजार से ज्यादा रन और 17 शतक लगाने वाले बैटर की हुई एंट्री, साई की जगह ली
श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए साई सुदर्शन भारतीय टीम के बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने साई के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
