साक्षी राज। वनडे वर्ल्ड कप 2027 में एक साल से ज्यादा का समय है, लेकिन भारत की ओर से कौन-कौन से खिलाड़ी टीम में शामिल होंगे इसको लेकर चर्चाएं अभी से होने लगी हैं। वनडे वर्ल्ड कप 2027 में रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम का हिस्सा रहेंगे या नहीं यह तो अहम मुद्दा है ही, इसके साथ तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को भी टीम का हिस्सा बनाने की मांग उठ रही है।
भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद उनकी टीम में वापसी को लेकर मांग लगातार बढ़ रही है। इस बीच भुवनेश्वर कुमार की प्रतिक्रिया सामने आई है।
भुवनेश्वर कुमार का कहना है कि उनका पूरा ध्यान क्रिकेट खेलने पर है, चाहे वह किसी भी टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हों। रविवार नौ अगस्त 2026 को वर्ल्ड कप के लिए संभावित चयन को लेकर किए गए सवाल पर भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘‘अगर मुझे बुलावा आता है तो मैं क्यों इनकार करूंगा? मैं पूरी तरह तैयार हूं।’’
भुवनेश्वर कुमार फिलहाल यूपी टी20 लीग में लखनऊ फाल्कन्स टीम की ओर से बतौर कप्तान खेल रहे हैं। भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘‘सच कहूं तो मैं कह नहीं सकता कि कितना तैयार हूं। मेरा काम क्रिकेट खेलना है और इसीलिए मैं यहां यूपी टी20 लीग में खेलने आया हूं। मैं यहां किसी दूसरी जगह पहुंचने या फिर किसी लेवल पर पहुंचने के इरादे से नहीं आया हूं।’’
भुवनेश्वर कुमार ने कहा, ‘‘हम आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन और टीम को जीत दिलाने के लिए खेलते है, लेकिन मैं यूपी टी20 में इसलिए नहीं आया कि मुझे कही और चुना जाए या फिर किसी ने कुछ कहा है। मैं कितना तैयार हूं, इसका फैसला चयनकर्ताओं के हाथ में है।’’
भुवनेश्वर कुमार नवंबर 2022 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 22 नवंबर 2022 को नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उस टी20 इंटरनेशनल मैच में उन्होंने चार ओवर में 35 रन दिए थे, लेकिन कोई भी विकेट नहीं ले पाए थे। बता दें कि चोटों के कारण भुवनेश्वर कुमार का अंतरराष्ट्रीय काफी प्रभावित रहा है।
भुवनेश्वर कुमार ने अपना आखिरी वनडे 21 जनवरी 2022 को खेला था। उस मैच में भी वह खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। भुवनेश्वर कुमार ने पार्ल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आठ ओवर गेंदबाजी की थी और 67 रन देने के बाद भी खाली हाथ रहे थे।
हालांकि, पिछले कई सीजन में भुवनेश्वर कुमार का आईपीएल में प्रदर्शन काफी प्रभावी रहा था। यही वजह है कि शायद रवि शास्त्री, दिनेश कार्तिक और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गज उनकी वापसी का पुरजोर समर्थन कर रहे हैं।
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 अगले साल चार अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच खेला जाना है। दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे वनडे वर्ल्ड कप 2027 के सह-आयोजक हैं।
UP T20 League: भुवी की लखनऊ फाल्कन्स की नजर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर, बोले- युवाओं के लिए है बड़ा प्लेटफॉर्म
यूपी टी20 लीग 2026 का आगाज 14 अगस्त से होगा। लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने लीग को युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म बताया। उन्होंने टीम की तैयारियों और इस बार ट्रॉफी जीतने की उम्मीद भी जताई। युवा खिलाड़ी आराध्य यादव ने भी सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने को अपने करियर के लिए अहम बताया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
नोट: इस खबर को साक्षी राज ने लिखा है। साक्षी राज जनसत्ता में इंटर्न हैं।
