टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद साउथ अफ्रीका की टीम पांच मैचों की टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी। यह सीरीज 15 से 25 मार्च के बीच खेली जाएगी। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने शुक्रवार (20 फरवरी) को साउथ अफ्रीका की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। केशव महाराज को टीम की कमान दी गई है और पांच नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026)के हिस्सा खिलाड़ियों का चयन नहीं हुआ है।
नए खिलाड़ियों में बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन, डियान फॉरेस्टर और जॉर्डन हरमन शामिल हैं। इन तीनों खिलाड़ियों को घरेलू टी20 टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का फायदा मिला है। ऑलराउंडर ईथन बॉश को भी टीम में जगह मिली है। किशोर फास्ट बॉलर नकोबानी मोकोएना को एसए20 में शानदार प्रदर्न के बाद टीम में चुना गया है। 19 साल के इस खिलाड़ी ने पार्ल रॉयल्स के लिए 10 मैचों में 9.62 की इकॉनमी से 13 विकेट लिए। वह इस सीजन चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
टी20 वर्ल्ड कप टीम के 3 खिलाड़ी स्क्वाड का हिस्सा
मुख्य कोच शुक्री कॉनराड ने कहा, ‘नकोबानी ने एसए20 के दौरान दिखाया कि वह एक बेहतरीन युवा तेज गेंदबाज हैं, जिसमें असर डालने की क्षमता है और यह सीरीज उसे इंटरनेशनल सेटअप में खुद को साबित करने का सही मौका देगी। महाराज साउथ अफ्रीका की टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम के उन तीन खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्हें इस सीरीज के लिए चुना गया है। उनके साथ उनके बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ भी हैं।
गेराल्ड कोएत्जी-टोनी डी जोरजी की वापसी
इस बीच तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी अक्टूबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ खेलने के बाद पहली बार साउथ अफ्रीका की टी20 टीम में चुने गए हैं। इसके अलावा बैट्समैन टोनी डी जोरजी की दाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से ठीक होने के बाद चुना गया है। पांच मैचों की सीरीज माउंट माउंगानुई के बे ओवल में शुरू होगी। इसके बाद हैमिल्टन, ऑकलैंड, वेलिंगटन (स्काई स्टेडियम) और क्राइस्टचर्च में मैच खेले जाएंगे।
साउथ अफ्रीका का स्क्वाड
केशव महाराज (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, ईथन बॉश, गेराल्ड कोएत्जी, टोनी डी जोरजी, कॉनर एस्टरहुइजन, डियान फॉरेस्टर, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, जॉर्ज लिंडे, नकोबानी मोकोएना, एंडिले सिमेलेन, लुथो सिपामला, प्रेनेलन सुब्रायन और जेसन स्मिथ।
यह भी पढ़ें: भारत-साउथ अफ्रीका मैच में दो सगे भाई होंगे आमने-सामने, धर्मसंकट में फंसी मां
