भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा (Sania Mirza) ने जीवनसाथी के रूप में क्रिकेटर शोएब मलिक (Shoaib Malik) को चुना। सानिया ने 12 अप्रैल 2010 को पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शोएब मलिक के साथ निकाह किया था। हालांकि, सानिया इकलौती टेनिस खिलाड़ी नहीं हैं, जिन्होंने क्रिकेटर को अपनी जिंदगी का हमसफर चुना। उनके अलावा और भी कई भारतीय टेनिस खिलाड़ी हैं, जिन्होंने क्रिकेटर के साथ शादी की है।
दो टेनिस स्टार ऐसी हैं, जिन्होंने भारतीय क्रिकेटर को अपना पति चुना। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स के ओपनर रहे रॉबिन उथप्पा की पत्नी भी टेनिस स्टार रही हैं। रॉबिन उथप्पा के अलावा महान भारतीय ऑलराउंडर वीनू मांकड़ के बेटे अशोक मांकड़ भी शामिल हैं।
कर्नाटक के कोडागू में 11 नवंबर 1985 को जन्में रॉबिन उथप्पा (ROBIN UTHAPPA) ने मार्च 2016 में अपनी गर्लफ्रेंड शीतल गौतम (Sheethal Goutham) से शादी की थी। बैंगलोर में 6 जून 1981 को जन्मीं शीतल उम्र में रॉबिन से बड़ी हैं।
शीतल गौतम पूर्व भारतीय पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं। उनके करियर की उच्च डब्ल्यूटीए सिंगल्स रैंकिंग 591 है। डबल्स में उनके करियर की उच्च डब्ल्यूटीए रैंकिंग 477 रही। शीतल ने 5 आईटीएफ सिंगल्स और 13 आईटीएफ डबल्स खिताब जीते हैं।
रॉबिन उथप्पा (पूरा नाम रॉबिन वेणु उथप्पा) ने अब तक 46 वनडे इंटरनेशनल और 13 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 25.94 के औसत से 934 और 24.90 के औसत से 249 रन बनाए हैं। उन्होंने 279 टी20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 28.51 के औसत से 7042 रन बनाए हैं। वह आईपीएल 2021 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा थे। उन्होंने कई मुकाबलों में पारी की शुरुआत भी की।
बॉम्बे (अब मुंबई) में 12 अक्टूबर 1946 को जन्में अशोक मांकड़ ने निरुपमा वासन से विवाह किया। सिंध के कराची प्रांत में 17 जनवरी 1947 को जन्मीं निरुपमा पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी हैं। वह किसी ग्रैंड स्लैम के मुख्य ड्रॉ में खेलने वाली आधुनिक युग की पहली भारतीय महिला हैं।
निरुपमा मांकड़ 1965 और 1978 के बीच भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली टेनिस खिलाड़ी थीं। इस दौरान उन्होंने सात बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीती। साल 1980 में भारत सरकार ने उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया था। अशोक मांकड़ ने देश के लिए 22 टेस्ट मैच और एक वनडे इंटरनेशनल मैच खेले थे।