T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ इशान किशन ने क्या खूब पारी खेली। सच तो ये है कि इशान के खेल के आगे अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन फीका ही रहा और 77 रन बनाने वाले इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी जीता, लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूप में उन्हें नहीं बल्कि शिवम दुबे को इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

भारतीय टीम में ये एक परंपरा सी बन गई है कि मैच के बाद ड्रेसिंग रूमें मैच पर सबसे ज्यादा प्रभाव डालने वाले खिलाड़ी को इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया जाता है। पाकिस्तान पर मिली जीत के बाद ये खिताब इशान नहीं बल्कि शिवम दुबे जीतने में सफल रहे। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ शिवम दुबे को गेंदबाजी में नहीं आजमाया गया, लेकिन बैटिंग और फील्डिंग में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया।

शिवम दुबे ने खेली 27 रन की अहम पारी

पाकिस्तान के खिलाफ शिवम दुबे ने अच्छी बैटिंग की और आखिरी वक्त पर टीम के लिए अहम 27 रन की पारी खेली। शिवम ने ये रन 17 गेंदों पर एक छक्का और 3 चौकों की मदद से बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 158.82 का रहा। शिवम दुबे इस मुकाबले में दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए, लेकिन उन्होंने अपना काम बखूबी किया और भारत का स्कोर 175 रन तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।

शिवम ने पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों का लपका कैच

शिवम दुबे ने पाकिस्तान के खिलाफ फील्डिंग के दौरान काफी प्रभावित किया और उन्होंने दो मुश्किल कैच लपकते हुए पाकिस्तान की टीम को बैकफुट पर धकेलने का काम किया। शिवम ने तिलक वर्मा की गेंद पर शादाब खान का शानदार कैच लपका जो 14 रन पर खेल रहे थे तो इसके बाद उन्होंने कुलदीप यादव की गेंद पर मोहम्मद नवाज का बेहतरीन कैच लपका जो देखने योग्य था। नवाज ने 4 रन की पारी खेली थी। इन दो कैचों में तो भारत का काम और आसान कर दिया और टीम इंडिया की जीत पक्की हो गई।

ये खबर भी पढ़ें

इशान T20 WC में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर; युवराज, तिलक, अभिषेक की खास लिस्ट में हुए शामिल

इशान ने पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन की पारी खेल बनाए 2 बड़े रिकॉर्ड, गंभीर को पीछे छोड़ा; 19 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की