वेंकट कृष्णा बी। लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे नूर अहमद के लिए मंगलवार 14 अप्रैल 2026 की रात टर्निंग पॉइंट साबित हुई। चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबले से पहले नेट्स में एमएस धोनी के साथ हुई एक लंबी बातचीत ने उनकी गेंदबाजी की दिशा ही बदल दी।
इसका असर मैच में साफ दिखा, जहां अफगान स्पिनर ने 3/21 की शानदार गेंदबाजी कर चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की 32 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच बने। महीनों से विकेट के लिए संघर्ष कर रहे नूर अहमद ने इस प्रदर्शन से ना सिर्फ अपनी लय हासिल की, बल्कि टीम के भरोसे पर भी खरे उतरे।
नूर अहमद के लिए पिछले कुछ महीने काफी मुश्किल रहे थे। जनवरी से अब तक उनके नाम सिर्फ एक ही विकेट था, जो उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले घरेलू मैच में मिला था। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच से स्पिनरों को मदद मिल रही थी।
गुगली का नहीं किया ज्यादा इस्तेमाल
नूर अहमद ने कुछ भी असाधारण करने की कोशिश नहीं की। इससे भी ज्यादा अहम यह है कि उन्होंने अपनी गुगली का ज्यादा इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि उस गेंद पर भरोसा किया जो दाएं हाथ के बल्लेबाज की तरफ अंदर आती है।
नूर अहमद ने पुरानी लय हासिल की तो चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच श्रीधरन श्रीराम ने इसका श्रेय एमएस धोनी को दिया। एमएस धोनी ने नूर अहमद के साथ एक अहम बातचीत की थी, जिसमें पूर्व कप्तान ने इस बात पर जोर दिया था कि गुगली का ज्यादा इस्तेमाल न किया जाए।
श्रीधर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मुझे लगता है कि यह अच्छा था, आज विकेट से मदद मिली। उसे थोड़ी-बहुत मदद मिली। बाकी विकेट काफी सपाट थे। आज मुझे लगता है कि हवा में उसकी गेंद थोड़ी धीमी थी। गेंद पर ज्यादा साइड स्पिन थी और ज्यादा ड्रॉप भी था।’’
श्रीधर ने कहा, ‘‘…तो यह कुछ ऐसा है जिस पर वह काम कर रहा है। यहां तक कि एमएस धोनी ने भी एक प्रैक्टिस सेशन में उससे काफी देर तक बात की थी, ताकि उसकी लेग ब्रेक सही से पड़ने लगे। तो मुझे लगता है कि यह उसके लिए बहुत मददगार रहा और इसके नतीजे भी साफ दिखे।”
मैच से ठीक पहले जब नूर ने नेट सेशन में हिस्सा ले रहे थे तो मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग और धोनी ने उन्हें बहुत करीब से देखा। फ्लेमिंग नूर के ठीक पीछे खड़े थे। धोनी नेट के पीछे से उन पर पैनी नजर रखे थे। सत्र के अंत में दोनों ने अफगानिस्तान के इस स्पिनर के साथ काफी देर तक बातचीत की।
डिफेंसिव होने की जगह आक्रामक रुख ही रखना होगा
नूर अहमद अपनी लाइन और लेंथ में गलतियां कर रहे थे। अक्सर तेज गति से गेंदबाजी करते हुए वह सपाट ट्रैजेक्टरी के साथ गेंद डाल रहे थे और बल्लेबाजों को बल्ला घुमाने के लिए पर्याप्त जगह दे रहे थे, लेकिन मंगलवार को उनकी गति में काफी बदलाव देखने को मिला। श्रीराम ने कहा कि नूर अहमद को प्रभावी बने रहने के लिए रक्षात्मक होने के बजाय आक्रामक रुख अपनाने के तरीके खोजने होंगे।
श्रीराम ने बताया, ‘‘मुझे लगता है कि पिच की सतह से गेंद में थोड़ा बदलाव लाना बहुत जरूरी है। मुझे लगता है कि वह इसी पर काम कर रहा है। हर कोई मानता है कि कुछ दिन ऐसे भी होंगे जब विकेट बहुत सपाट होंगे, लेकिन फिर भी आक्रामक बने रहना होगा।’’
श्रीराम ने कहा, ‘‘गेंद को ज्यादा घुमाना और उसे स्पिन कराना, ये चीजें निश्चित रूप से उसकी बहुत मदद करेंगी। यहीं पर आप बल्लेबाजों से गलितयां करवा सकते हैं, क्योंकि एक बार जब आप रक्षात्मक रवैया अपना लेते हैं तो बल्लेबाज आप पर हावी हो जाते हैं।’’
नूर अहमद ने IPL 2025 में शानदार प्रदर्शन कर 24 विकेट लिए थे। हालांकि, इस सीजन की शुरुआत से पहले नूर अहमद फॉर्म वापसी के लिए संघर्ष कर रहे थे। इसी का नतीजा था कि आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में अफगानिस्तान के किसी भी मैच में उन्हें शुरुआती एकादश में जगह नहीं मिली।
ऑस्ट्रेलिया में क्या अगले साल होगा IPL मैच? 20वें सीजन के लिए एडिलेड में बन रही खास योजना
ऑस्ट्रेलिया अगले साल से आईपीएल का एक मुकाबला अपने यहां कराने की योजना बना रहा है। इसके तहत मार्च 2027 में वह आईपीएल मैच कराना चाहता है। वहीं बिग बैश लीग का मैच चेन्नई में करवाने की प्लानिंग है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
