न्यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार अपना दूसरा मैच जीत लिया है। पहले मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड चेज करने के बाद कीवी टीम ने एक बार फिर से कमाल किया और यूएई को 10 विकेट से मात दी है। न्यूजीलैंड के ओपनर्स फिन एलन और टिम सीफर्ट ने पहले विकेट के लिए 175 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की और विश्व कप में इतिहास रच दिया।

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम ग्रुप डी की अंकतालिका में टॉप पर भी पहुंच गई है। न्यूजीलैंड ने सुपर 8 के लिए इस ग्रुप से अपनी दावेदारी को ठोस कर दिया है। उसके अगले दो मैच अब साउथ अफ्रीका और कनाडा के खिलाफ होने हैं। यानी अगर कीवी टीम साउथ अफ्रीका से हारती भी है तो भी सुपर 8 में कनाडा के खिलाफ जीत दर्ज करके पहुंच सकती है।

क्या रहा इस मैच का हाल?

इस मैच की बात करें तो यूएई की टीम की तरफ से अच्छी बल्लेबाजी की शुरुआत हुई थी। कप्तान मुहम्मद वसीम ने नाबाद 66 रन की पारी 45 गेंद पर खेली। वहीं अलीशान शराफू ने 47 गेंद पर 55 रन की पारी खेली थी। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 107 रन जोड़े थे। 14.1 ओवर में 119 रन पर एक विकेट के बाद यूएई की पारी लड़खड़ा गई। 20 ओवर में टीम 6 विकेट पर 173 रन ही बना सकी।

न्यूजीलैंड के लिए गेंदबाजी में मैट हेनरी को 2 सफलताएं मिलीं। वहीं जैकब डफी, मिचेल सैंटनर, लॉकी फर्ग्युसन और ग्लेन फिलिप्स को 1-1 विकेट मिला। इसके बाद बल्लेबाजी में कीवी ओपनर्स ने एक भी विकेट नहीं गिरने दिया और 10 विकेट से न्यूजीलैंड की टीम जीत गई। टिम सीफर्ट ने 42 गेंद पर 89 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं फिन एलन ने 50 गेंद पर नॉटआउट रहते हुए 84 रन बनाए।

टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी

  • 175 रन नाबाद: टिम सीफर्ट और फिन एलन (न्यूजीलैंड) बनाम यूएई, चेन्नई, 2026
  • 170 रन नाबाद: जोस बटलर और एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड) बनाम भारत, एडिलेड, 2022
  • 168 रन: क्विंटन डी कॉक और रिली रूसो (साउथ अफ्रीका) बनाम बांग्लादेश, सिडनी, 2022

न्यूजीलैंड की टीम नंबर 1 पर काबिज

न्यूजीलैंड की टीम इसी के साथ ग्रुप डी की अंकतालिका में नंबर 1 पर पहुंच गई है। न्यूजीलैंड ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। वहीं इस ग्रुप में साउथ अफ्रीका की टीम अपना पहला मैच जीतते हुए 2 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। इस ग्रुप में अफगानिस्तान तीसरे, यूएई चौथे और कनाडा पांचवें स्थान पर है। इन तीनों टीमों को पहले-पहले मैच में हार मिल चुकी ह।

नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं

पलटू पाकिस्तान का यू-टर्न मारने का है पुराना इतिहास, पिछले तीन साल में 5 बार कर चुका है ऐसा ड्रामा
हर्षित राणा के IPL 2026 में भी खेलने पर सस्पेंस, KKR को लग सकता है बड़ा झटका
T20 World Cup: नामीबिया की हार, नीदरलैंड्स का कमाल; पाकिस्तान टॉप 2 से बाहर, भारत नंबर 1 पर बरकरार