राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) की पंजीकृत परीक्षण पूल (RTP) सूची में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है। श्रेयस अय्यर और स्मृति मंधाना की जगह युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ऑलराउंडर अक्षर पटेल को शामिल किया गया है। हालांकि, जसप्रीत बुमराह और शुभमन गिल समेत टीम इंडिया के कई प्रमुख खिलाड़ी पहले की तरह इस सूची में बरकरार हैं।
आरटीपी (RTP) में शामिल खिलाड़ियों को अपने ठिकाने की नियमित जानकारी देनी होती है और तय समय पर डोपिंग टेस्ट के लिए उपलब्ध रहना अनिवार्य होता है। पने ठिकाने की जानकारी देने में तीन बार विफल रहना डोपिंग का उल्लंघन माना जाता है। यही वजह है कि यह सूची खेल जगत में खास महत्व रखती है।
गिल, यशस्वी, हार्दिक, ऋषभ, बुमराह, केएल, अर्शदीप और तिलक पहले से ही शामिल
नाडा की आरटीपी की नवीनतम सूची में 348 खिलाड़ी शामिल हैं। टेस्ट और वनडे के कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल, अर्शदीप सिंह और तिलक वर्मा पहले की तरह इस सूची में बने रहेंगे। पिछले साल वनडे विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा तथा शैफाली वर्मा और रेणुका सिंह ठाकुर इस सूची में बनी हुई हैं।
नाडा की आरटीपी सूची में कुल 14 क्रिकेटर शामिल
कुल मिलाकर नाडा की इस सूची में 14 क्रिकेटरों को शामिल किया गया है। नाडा की इस सूची में सर्वाधिक खिलाड़ी एथलेटिक्स से जुड़े हुए हैं। पिछली बार इनकी संख्या 118 थी जो अब बढ़कर 134 हो गई है। इनमें स्टीपलचेज के एथलीट अविनाश साबले, बाधा दौड़ की धाविका ज्योति याराजी, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और फर्राटा धावक अनिमेष कुजुर जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।
लंबी कूद में हिस्सा लेने वाली शैली सिंह और एम श्रीशंकर तथा गोला फेंक एथलीट तेजिंदरपाल सिंह तूर को भी इस सूची में शामिल किया गया है। तीरंदाजी से अनुभवी खिलाड़ी दीपिका कुमारी, राकेश कुमार और मशहूर पैरा तीरंदाज शीतल देवी नाडा की इस सूची में शामिल हैं।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान का नाम भी RTP सूची में
हॉकी से मनप्रीत सिंह, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह के साथ-साथ महिला टीम की कप्तान सलीमा टेटे, सविता पूनिया और नवनीत कौर भी इस सूची का हिस्सा हैं। बैडमिंटन से आठ खिलाड़ियों को इस सूची में शामिल किया गया है, जिनमें पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और गायत्री गोपीचंद प्रमुख हैं।
नाडा की आरटीपी सूची में 22 मुक्केबाज भी शामिल हैं। इनमें विश्व पदक विजेता निकहत जरीन, निशांत देव और जैस्मीन लाम्बोरिया के साथ-साथ ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन भी शामिल हैं। कुश्ती से 31 खिलाड़ियों को इस सूची में जगह दी गई है। इनमें ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत भी शामिल हैं।
‘खिलाड़ी डरते हैं, नहीं जाना चाहते’, मुनाफ पटेल ने लगाए NCA में ठीक से काम न होने का आरोप
भारत के पूर्व क्रिकेटर मुनाफ पटेल ने एनसीए (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के कामकाज पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि फिजियो और ट्रेनर जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
