टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी मुरली कार्तिक का मानना है कि मानव सुतार वो खिलाड़ी हैं जो टीम इंडिया में रविंद्र जडेजा की जगह ले सकते हैं। मुरली कार्तिक ने ये भी माना का मानव ही वो खिलाड़ी हैं जो सही मायने में रविंद्र जडेजा के सही उत्तराधिकारी हो सकते हैं। बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर मानव सुतार इस वक्त भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हैं जो श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत 15 अगस्त से होगी।
बेहतरीन गेंदबाज हैं मानव सुतार
मुरली कार्तिक ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के एक कार्यक्रम में बात करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि मानव सुतार एक बेहतरीन गेंदबाज हैं और उनकी तुलना किसी से नहीं करनी चाहिए। वह पुराने स्कूल के खिलाड़ी हैं और उनमें कई खूबियां हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान मैं कमेंट्री कर रहा था और खुशी से झूम उठा था। किसी को उस तरह से गेंदबाजी करते, उसमें वैसी निरंतरता और कौशल दिखाते हुए देखना अद्भुत था। बहुत लंबे समय बाद हमें ऐसा गेंदबाज देखने को मिला है जो शायद भारत के लिए यह सही समय पर हुआ है।
रविंद्र जडेजा मुझे मुक्का मारेंगे
मुरली कार्तिक ने मजाकिया अंदाज में आगे कहा कि अगली बार जब रविंद्र जडेजा मुझसे मिलेंगे तो शायद मुझे मुक्का मारेंगे, लेकिन असल बात यह है कि उनकी उम्र 30 साल से ज्यादा हो चुकी है। वे अपने करियर के आखिरी दौर में हैं और हमें नहीं पता कि वे और कितने समय तक खेलेंगे। इस नजरिए से देखें तो हमेशा जिम्मेदारी किसी और को सौंपने के बारे में सोचना पड़ता है। जडेजा के साथ भी अब यही स्थिति है और वो अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं और उनके बाद किसी ना किसी को तो उनकी जगह लेनी ही होगी।
ध्रुव जुरेल को देना चाहिए मौका
मुरली कार्तिक ने प्लेइंग इलेवन में ध्रुव जुरेल को सरफराज खान से ऊपर तरजीह देने की बात कही और कहा कि सरफराज ने कुछ भी गलत नहीं किया है। वह टीम में रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर आ रहे हैं। संदेश अहम है कि खिलाड़ियों को अपनी जगह को लेकर सुरक्षित महसूस करना चाहिए। ध्रुव जुरेल भी एक महत्वपूर्ण विकेटकीपर हैं और मेरे हिसाब से उन्हें सरफराज खान की जगह प्लेइंग इलेवन में होना चाहिए।
ध्रुव जुरेल या सरफराज खान, प्लेइंग 11 में नंबर 6 के लिए कौन हैं ज्यादा फिट; पूर्व भारतीय विकेटकीपर ने बताया नाम
टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर किरण मोरे ने बताया कि पहले टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में किन तीन तेज गेंदबाजों को शामिल करना चाहिए साथ ही नंबर 6 पर ध्रुव या सरफराज खान में से किसे मौका मिल सकता है। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
