भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही प्लेइंग इलेवन में 9 महीनों से नहीं दिखे हैं, लेकिन वे फैंस के बीच लगातार चर्चा में रहते हैं। सोमवार यानी 11 मई को उनकी पत्नी साक्षी धोनी ने इंस्टाग्राम पर लाइव किया था। इस दौरान धोनी भी कुछ समय के लिए दिखाई दिए। माही तीन दिन पहले भी एक वीडियो में नजर आए थे। तब उनकी दाढ़ी सफेद थी और बाल बढ़े हुए थे। सोशल मीडिया पर यह चर्चा होने लगी थी कि शेर अब बूढ़ा हो गया। धोनी ने 3 दिन में ही अपना लुक बदल लिया।
साक्षी के वीडियो में धोनी के बाल कटे हुए नजर आ रहे हैं। 3 दिन पहले की तुलना में वे बेहतर नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने दाढ़ी भी ठीक कर ली है। सफेद की जगह अब काली हो गई हैं। साक्षी जब लाइव कर रही थी तो टीम इंडिया के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने कमेंट भी किया। उन्होंने दिल का इमोजी सेंड करते हुए लिखा- थाला वन मोर टाइम। वीडियो में धोनी ने पीले रंग की जर्सी पहनी हुई है। उनके साथ बेटी जीवा और उनका डॉगी सैम भी है।
चहल लॉकडाउन के दौरान कई बार कह चुके हैं कि वे धोनी को मिस कर रहे हैं। चहल ने धोनी के साथ इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर भी शेयर की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लाइव चैट के दौरान कहा था कि लॉकडाउन खुलते ही वे फ्लाइट पकड़कर रांची जाएंगे और धोनी से मिलेंगे। माही लॉकडाउन में रांची स्थित अपने फॉर्महाउस ‘कैलाशपति’ में हैं। इस दौरान वहां से उनकी कई तस्वीरें सामने आई हैं।

धोनी लॉकडाउन मे कभी वे घास काटते दिखाई देते हैं, तो कभी बेटी जीवा को लेकर बाइक से घुमते हुए। पिछले वीडियो में वे बेटी संग रेस लगाते दिखाई दे रहे हैं। धोनी पिछली बार क्रिकेट मैदान पर वर्ल्ड कप 2019 में दिखाई दिए हैं। वे आईपीएल से वापसी करने वाले थे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट को अनिश्चितकाल तक के लिए टाल दिया गया है।