भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 8 फरवरी 2023 को करीब दो साल बाद इंस्टाग्राम पर कोई पोस्ट शेयर की। धोनी की यह पोस्ट एक वीडियो है। वीडियो में एमएस धोनी ट्रैक्टर चलाते और खेत की जुताई करते नजर आ रहे हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘कुछ नया सीखने में अच्छा लगा, लेकिन काम पूरा करने में बहुत समय लग गया।’
महेंद्र सिंह धोनी की यह पोस्ट थोड़ी ही देर में वायरल हो गई। करीब 6 घंटे के भीतर महेंद्र सिंह धोनी की पोस्ट को 11.6 मिलियन (करीब एक करोड़ 16 लाख) बार देखा जा चुका था। यही नहीं, इस पर 29 लाख लाइक्स और 62 हजार से ज्यादा कमेंट्स आ चुके थे। कमेंट्स करने वालों में इंडियन प्रीमियर लीग में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स और उनकी टीम के साथी और रविंद्र जडेजा भी शामिल हैं।
रविंद्र जडेजा ने लिखा, ‘कोई नंबर प्लेट नहीं है।’ इसके बाद भारतीय ऑलराउंडर जडेजा ने हंसने वाली इमोजी भी पोस्ट की। रविंद्र जडेजा का यह कमेंट भी वायरल है। इस पर 550 से ज्यादा कमेंट्स आ चुके हैं। नीचे आप भी भारतीय क्रिकेट टीम को दो बार विश्व कप चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी की इंस्टाग्राम पोस्ट देख सकते हैं।
इससे पहले आखिरी बार 8 फरवरी 2021 को शेयर किया था इंस्टाग्राम पर वीडियो
बता दें कि 108 हफ्ते पहले (8 जनवरी 2021) की महेंद्र सिंह धोनी इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को अपने ही खेत से एक स्ट्रॉबेरी तोड़कर खाते हुए देखा गया था। एमएस धोनी ने इंस्टाग्राम पर अपनी उस पोस्ट को कैप्शन दिया था, ‘अगर मैं खेत में जाता रहूंगा तो बाजार के लिए स्ट्रॉबेरी नहीं बचेगी।’ महेंद्र सिंह धोनी की इंस्टाग्राम पर उस वीडियो पोस्ट को भी आप नीचे देख सकते हैं।
कुछ दिन पहले गांगुली और धोनी की तस्वीर हुई थी वायरल
हाल ही में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और एमएस धोनी की एक-दूसरे से मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। तस्वीर को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया गया था। तस्वीर को कैप्शन दिया गया था, ‘जब राजकुमार सुपर किंग से मिले! ?’
विराट कोहली के साथ-साथ सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे सफल कप्तानों में से दो हैं। एमएस धोनी आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सीजन 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करेंगे। पिछले सीजन में रविंद्र जडेजा को टीम का कप्तान बनाया गया था, लेकिन उन्होंने बीच में ही कप्तानी छोड़ दी थी।
इसके बाद फिर से धोनी को कप्तान बनाया गया था। सीएसके 2021 में खिताब जीतने के बाद पिछले साल 10 टीमों के टूर्नामेंट में नौवें स्थान पर रही थी। धोनी ने 2022 में सीएसके के अंतिम लीग मैच की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था, ‘अगले सीजन में ऐसा नहीं होना चाहिए कि वे स्क्रैच से शुरू कर रहे हैं।’