MS Dhoni को जन्मदिन पर मिलेगा स्पेशल गिफ्ट, चेन्नई सुपरकिंग्स के ऑलराउंडर ने किया है तैयार; देखें Video
उम्मीद है कि माही वर्ल्ड कप से पहले मैदान पर वापसी कर सकते हैं। फैंस भी माही को मैदान पर खेलते देखने को बेसब्र हैं। आईपीएल में उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथियों को भी उनका खासा इंतजार है।

महेंद्र सिंह धोनी 7 जुलाई 2020 को 39 साल के हो जाएंगे। धोनी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 10 जुलाई को इंग्लैंड के मैनचेस्टर में खेला था। वह आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2019 का सेमीफाइनल मुकाबला था। बारिश के कारण वह मैच 9 और 10 जुलाई को खेला गया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ उस मैच में भारत को 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
उसके बाद से ही माही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करनी थी। लेकिन कोरोनावायरस के चलते दुनिया की इस सबसे महंगी घरेलू टी20 क्रिकेट लीग को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। अब उम्मीद की जा रही है कि वह वर्ल्ड कप से पहले मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
फैंस भी माही को मैदान पर खेलते देखने के लिए बेसब्र हैं। आईपीएल में उनकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के साथियों को भी उनका खासा इंतजार है। शायद यही वजह है कि इस बार चेन्नई सुपर किंग्स के एक ऑलराउंडर धोनी को उनके जन्मदिन पर खास तोहफा देने की तैयारी में जुटा है। जी हां, यह खिलाड़ी कोई और नहीं कैरेबियाई क्रिकेटर ड्वेन जॉन ब्रावो हैं।
अब जब ब्रावो के नाम आगे ही डीजे लगा हुआ है, तो तोहफा भी कुछ संगीत से जुड़ा होगा। जी हां, बिल्कुल सही। दरअसल, ब्रावो धोनी पर गाना बना रहे हैं। उनका यह गाना लगभग तैयार हो चुका है। बस इसे अपडेट करना बाकी है। ब्रावो ने फैंस की अपील पर इस गाने को धोनी के जन्मदिन यानी 7 जलाई 2020 को रिलीज करने का फैसला किया है। ब्रावो ने गाने की रिलीज को लेकर फैंस से सुझाव मांगे थे। उन्होंने पूछा था कि क्या वह इस गाने को माही के जन्मदिन पर रिलीज करें। इसके बाद लगभग सभी लोगों ने उनसे ऐसा ही करने की सलाह दी थी।
ब्रावो ने बताया, हमारे पास एक डांस भी है, जिसे हेलिकॉप्टर नाम दिया गया है। ब्रावो ने फैंस से हेलिकॉप्टर डांस को लेकर भी सुझाव मांगा था। उन्होंने कहा था कि वह सबसे बेहतरीन डांस को चुनेंगे और धोनी के लिए अधिकारिक डांस बनाएंगे।