भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने करीब दो साल की खामोशी के बाद आखिरकार सोशल मीडिया पर वापसी की। मौका भी खास था, भारतीय क्रिकेट टीम का टी20 विश्व कप 2026 के चैंपियन बनने का। भारतीय क्रिकेट टीम के तीसरी बार आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचने के बाद एमएस धोनी ने इंस्टाग्राम पर टीम, सपोर्ट स्टाफ और दुनियाभर के भारतीय फैंस को बधाई दी।

एमएस धोनी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की और मजाकिया अंदाज में मुख्य कोच गौतम गंभीर की मुस्कान से लेकर जसप्रीत बुमराह की स्किल्स तक का जिक्र करते हुए टीम को ‘मजे करो दोस्तों’ का संदेश दिया। भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। इसके साथ ही भारत तीन टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बना।

बुमराह की भी तारीफ करना नहीं भूले धोनी

एमएस धोनी ने रविवार 8 मार्च 2026 की देर रात इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘अहमदाबाद में इतिहास रचा गया, टीम और सपोर्ट स्टाफ़ और दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट टीम के सभी प्रशंसकों को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई। कोच साहब, आप पर मुस्कान बहुत अच्छी लगती है, स्माइल के साथ इंटेंसिटी एक किलर कॉम्बो है। बहुत बढ़िया। मजे करो दोस्तों (बुमराह के बारे में कुछ न लिखें तो ही अच्छा है। चैंपियन बॉलर)।’ एमएस धोनी ने 2007 में अपनी अगुआई में पहले संस्करण में भारत को टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाया था।

एमएस धोनी रविवार आठ मार्च को अहमदाबाद में भारत के वर्ल्ड कप जीतने वाले अन्य कप्तानों रोहित शर्मा और कपिल देव के साथ मौजूद थे। रांची में सात जुलाई 1981 को जन्में एमएस धोनी जल्द ही आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मुकाबले में वापसी करेंगे।

ये खबरें भी पढ़ सकते हैं

भारत ने छोड़ा इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को पीछे, ये है टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम और कप्तान की लिस्ट
हिस्ट्री रिपीट, हिस्ट्री डिफीट: ओपनिंग की समस्या, साउथ अफ्रीका से हार; कैसे गिरकर संभली टीम इंडिया और रच दिया इतिहास