रणजी ट्रॉफी 2025-26 का सेमीफाइनल मुकाबला बंगाल और जम्मू कश्मीर के बीच खेला जा रहा है। टीम इंडिया से बाहर चल रहे दिग्गज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक बार फिर अपना जलवा दिखाया और बता दिया कि उनको लगातार नजरअंदाज करके सेलेक्टर्स कितनी बड़ी गलती कर रहे हैं। शमी ने जम्मू कश्मीर के 8 विकेट लेकर तूफानी प्रदर्शन किया, लेकिन बंगाल के बल्लेबाजों ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
मोहम्मद शमी ने बंगाल के लिए 22.1 ओवर में 3 मेडन के साथ 90 रन देकर 8 विकेट झटके। उनका यह प्रदर्शन रणजी के इतिहास के सबसे शानदार प्रदर्शन में से एक है। शमी के करियर का भी यह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बेस्ट बॉलिंग स्पेल रहा है। वहीं बंगाल के पहली पारी में 328 रन के जवाब में जम्मू कश्मीर की टीम 302 रन पर ऑलआउट हुई। इसके बाद दूसरी पारी में बंगाल के बल्लेबाज धराशायी हो गए।
बंगाल की टीम 99 रन पर ढेर
पहली पारी में 26 रन की बढ़त लेने के बाद दूसरी पारी में बंगाल के बल्लेबाजों ने शर्मनाक प्रदर्शन किया। दूसरी पारी में आकिब नबी डार और सुनील कुमार के 4-4 विकेट की बदौलत जम्मू कश्मीर ने बंगाल को 99 रन पर ही समेट दिया। जम्मू कश्मीर को अब इतिहास रचने के लिए मिला 126 रन का लक्ष्य।
जम्मू कश्मीर की टीम पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंची है। अगर टीम 126 रन का लक्ष्य हासिल कर लेती है तो इतिहास रच देगी। जम्मू कश्मीर अपने पहले फाइनल मुकाबले में पहुंचने के करीब है। टीम के लिए आकिब नबी दार ने इस मुकाबले में कुल 9 विकेट झटके। पहली पारी में भी उन्होंने 5 विकेट झटके थे।
इस मुकाबले के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू कश्मीर ने 43 रन दो विकेट गंवाकर बना लिए थे। अब मैच के अंतिम दिन इस टीम को जीत के लिए 83 रन की जरूरत है। शुभम पुंडीर 23 और वंशज शर्मा 9 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद थे।
यह भी पढ़ें- IRE vs ZIM: आयरलैंड-जिम्बाब्वे मैच में बारिश, मुकाबला रद्द होने पर क्या ऑस्ट्रेलिया कर पाएगा सुपर 8 में एंट्री
यह भी पढ़ें- कौन हैं युवराज सामरा जिन्होंने टी20 विश्व कप 2026 में रचा इतिहास, युवराज सिंह से है कनेक्शन
यह भी पढ़ें- ACC Women’s Asia Cup Rising Stars: इंडिया ए ने 89 गेंद में ही नेपाल को हराया, सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया
