बंगाल की टीम ने रणजी ट्रॉफी 2026-27 के तीसरे चरण के मुकाबले में केरल को मोहम्मद शमी, प्रदीप्त प्रमाणिक और शाहबाज अहमद की शानदार गेंदबाजी के दम पर 287 रन से हरा दिया। ग्रुप सी में ये बंगाल की लगातार तीसरी जीत रही और ये टीम अपने ग्रुप की अंकतालिका में 18 अंक के साथ पहले नंबर पर बनी हुई है।
इस मुकाबले में केरल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और बंगाल ने पहली पारी में 350 रन बनाए। केरल की टीम ने पहली पारी में 141 रन बनाए और बंगाल को 209 रन की बढ़त हासिल हुई। बंगाल ने फिर दूसरी पारी में 198 रन बनाए और 407 रन की लीड लेकर केरल को 408 का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में केरल दूसरी पारी में 120 रन पर सिमट गई और उसे बड़ी हार मिली।
शमी ने 5, प्रदीप्त ने लिए 10 विकेट
इस मैच की दूसरी पारी में शमी को 2 सफलता मिली जबकि पहली पारी में उन्होंने 3 विकेट झटके थे और इस पूरे मुकाबले में उन्हें कुल 5 विकेट मिले। प्रदीप्त ने दूसरी पारी में घातक गेंदबाजी की और उन्होंने 19 ओवर में 51 रन देकर 6 विकेट झटके जबकि पहली पारी में उन्हें 4 विकेट मिले थे। प्रदीप्त ने इस मैच में कुल 10 विकेट हासिल किए और टीम की जीत के हीरो रहे तो वहीं शाहबाज अहमद ने भी दोनों पारियो में 2-2 विकेट हासिल किए और कुल 4 बल्लेबाजों का शिकार किया।
शाहबाज अहमद ने लगाया शतक
इस मैच की पहली पारी में बंगाल के लिए शाहबाज अहमद ने 121 रन जबकि अंकुल पॉल ने 66 रन की पारी खेली। केरल की तरफ से पहली पारी में कप्तान विष्णु विनोद ने सर्वाधिक 41 रन की पारी खेली थी। बंगाल के लिए दूसरी पारी में बेस्ट स्कोरर कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन रहे जिन्होंने 47 रन बनाए तो वहीं केरल के लिए दूसरी पारी में सबसे बड़ी पारी एमडी निधीश ने खेली जो 33 रन की रही। केरल के लिए पहली पारी में आदित्य ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए जबकि दूसरी पारी में जलज सक्सेना ने सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके।
विराट कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा ने तोड़ा, एक महीने में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले टॉप-11 भारतीय
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे मैच में 113 रन की पारी खेली और वो अब भारत की तरफ से टी20आई में एक महीने में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन गए। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
