पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार (11 फरवरी) को लाहौर में खेला गया। पाकिस्तान के लिए इस टी20 मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने धमाकेदार शतक लगाया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के दौरान कई उपलब्धियां हासिल कर लीं। रिजवान इस फॉर्मेट में अपने देश के लिए शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले अहमद शहजाद ने 30 मार्च 2014 को बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था।
रिजवान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 64 गेंद पर नाबाद 104 रन बनाए। शहजाद ने बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 111 रन बनाए थे। रिजवान टेस्ट, वनडे और टी20 में शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे विकेटकीपर हैं। सबसे पहले यह उपलब्धि न्यूजीलैंड के महान खिलाड़ी ब्रैंडन मैकुलम ने हासिल की थी। मैकुलम के टेस्ट में 12, वनडे में 5 और टी20 में 2 शतक हैं। दूसरी ओर, रिजवान ने वनडे में दो, टेस्ट और टी20 में एक-एक शतक लगाया है। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत पाकिस्तान ने रोमांचक मैच में दक्षिण अफ्रीका को 3 रन से हरा दिया।
मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 169 रन बनाए। उसके लिए रिजवान ने 64 गेंद पर नाबाद 104 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 7 छक्के लगाए। हैदर अली ने 21, हुसैन तलत ने 15 और खुशदील शाह ने 12 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम खाता भी नहीं खोल सके। दक्षिण अफ्रीका के लिए एंडिले फेहलुकवायो ने 2 विकेट झटके।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत शानदार रही। जानेमन मलान और रीजा हैंड्रिक्स ने पहले विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की। हैंड्रिक्स ने 54 और मलान ने 44 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। ड्वेन प्रिटोरियस और बोर्न फॉर्चून ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। प्रिटोरियस ने 6 गेंद पर नाबाद 15 और फॉर्चून ने 9 गेंद पर नाबाद 17 रन बनाए। टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 19 रन बनाने थे। आखिरी गेंद पर 6 रन बनाने थे, फॉर्चून दो रन ही ले सके। अफ्रीकी टीम मैच हार गई और सीरीज में 0-1 से पीछे हो गई।