गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय क्रिकेट टीम ने कई यादगार सफलताएं हासिल की हैं, लेकिन पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ उनके प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं। मोहम्मद कैफ ने गौतम गंभीर की कोचिंग को 10 में से सिर्फ 4 अंक दिये। मोहम्मद कैफ ने कहा कि टीम मैनेजमेंट में पारदर्शिता और खिलाड़ियों के साथ संवाद की कमी साफ नजर आती है।
मोहम्मद कैफ ने विराट कोहली और गंभीर के रिश्तों पर भी चिंता जताई। मोहम्मद कैफ का कहना है कि एक सफल कोच की सबसे बड़ी जिम्मेदारी खिलाड़ियों के साथ बेहतर संवाद और पारदर्शिता बनाए रखना है। कैफ ने कहा कि खिलाड़ियों के साथ संवाद की कमी, टीम में पारदर्शिता का अभाव और सीनियर खिलाड़ियों से बेहतर तालमेल न होना उनकी सबसे बड़ी कमजोरियां हैं।
गौतम गंभीर को सिर्फ 4 नंबर
क्रिकबज वीडियो से बातचीत में मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘मैं थोड़ा नंबर काटूंगा। मैं थोड़ा कम पर जाऊंगा।’’ फिर लंबी गहरी सांस लेते हुए बोले, ‘‘चार नंबर।’’ एंकर ने आश्चर्य जताते हुए पूछा, ‘10 में से…? ओके…। सही है…।’’ मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘मैं अपने जवाब में एक-दो लाइन और जोड़ देता हूं। ट्रांसपेरेंसी की बात हो रही है ना…। अभी जैसे सुनने में आ रहा है कि विराट कोहली- गौतम गंभीर…।’’
मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘भई वैसी तस्वीरें सामने नहीं आ रही हैं। दोनों की साथ में पिक्चर नहीं दिख रही है। पता नहीं कि दोनों (विराट कोहली और गौतम गभीर) में बातचीत हो रही है या नहीं हो रही है। रोहित शर्मा के साथ तो दिख गया कि प्रैक्टिस में गौतम गंभीर हैं, बातचीत हो रही है। वहां गिल के साथ बात हो रही है। यह एक कमी है।’’
खिलाड़ियों को नहीं होनी चाहिए दुविधा
मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘कोचेस का काम होता है कि मान लो प्लेयर ऊपर-नीचे है, कोई ड्राप है, कोई अपनी परफॉर्मेंस से खुश नहीं है, उसके साथ सलूक अच्छा नहीं हुआ, वह खुश नहीं है। संजू सैमसन की बात हो रही है। संजू ड्राप किये गए या सूर्यवंशी ड्राप हुए। यह कोच का काम होता है। चलो मैनेजमेंट भी जोड़ देता हूं, उनके साथ जो और लोग हैं। वह ही उन्हें लेकर आए हैं। सपोर्ट स्टाफ भी गौतम गंभीर ही लेकर आए हैं।’’
मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘इन सबका (कोच और सपोर्ट स्टाफ) काम होता है कि भई ट्रांसपेरेंसी, बातचीत करना, बताएं, सबको सेम पेज पर रखें। हार-जीत का फैसला तो मैदान पर होगा। वहां तो प्लेयर खेलता है पर उसके पीछे जो चीजें होती हैं कि ड्रॉप हुआ तो क्या कारण है, बता दो भाई। तो मुझे लगता है कि इस एरिया में इम्प्रूव करना है। कह दें कि हम तुम्हें ब्रेक दे रहे हैं या जो भी हो। बंदा दुविधा में न हो।’’
मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘अभी विराट कोहली और गौतम गंभीर साथ में काम नहीं कर रहे हैं तो यह हमारे लिए अच्छी खबर नहीं है। अगर वे सेम पेज (एक ही सोच के साथ काम करना) पर नहीं हैं तो यह हिंदुस्तान के फैंस के लिए बुरी खबर है, क्योंकि इंग्लैंड टूर…। हम किस पर फोकस कर रहे हैं…। हम 2027 वर्ल्ड कप पर फोकस कर रहे हैं। वह साउथ अफ्रीका में होना है। वहां आसान नहीं होगा।’’
सीनियर्स के पास खुद जाकर बात करो: कैफ
मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘विदेशी परिस्थितियों में आपको जीतना आसान नहीं होगा। …तो आपको सबको एकजुट रखना पड़ेगा। सीनियर्स प्लेयर्स का बहुत रोल है। इसे लेकर सब बात कर रहे हैं। …तो सीनियर्स के साथ आपको खुद जाकर बात करो। रूम पर जाकर बात करो। बैठो… क्या दिक्कत है। कैसे हम ठीक कर सकते हैं। यह कोच का काम होता है।’’
जॉन राइट के समय बहुत ट्रांसपेरेंसी थी: कैफ
मोहम्मद कैफ ने जहीर खान की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘हम लोग जब खेलते थे, जॉन राइट कोच थे। जॉन राइट ऐसे कोई टैक्टिकल कॉल नहीं थोप रहे होते थे सौरव गांगुली के ऊपर कि यही करना है। वह और सौरव गांगुली एक सोच के साथ काम करते थे… कि अगले मैच में क्या कर सकते हैं? कौन कहां खेल सकता है? तुम बताओ…। सौरव तुम कॉल लो। …तो ऐसे टीम चलती है।’’
मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘…तो इसीलिए हम नेटवेस्ट ट्रॉफी की बात करूं तो वहां हम लोग इतने एकजुट थे, यूनिटी इतनी अच्छी थी, सीनियर-जूनियर का मिलाप था। 325 चेज करने का कारण ही वही था कि हम बहुत मिलकर खेलते थे। उसका बड़ा कारण था कोचेस, ट्रांसपेरेंसी। मेरा रोल नंबर 7 पर था।’’
मोहम्मद कैफ ने कहा, ‘‘मुझे बता दिया गया था कि भई तुम्हें नंबर सात पर खिला रहे हैं तुम्हारा यह रोल है। ऐसे करना है। 30 गेंद में 30 रन बनाकर दो। तो ऐसे बातचीत कर आगे बढ़ते हैं। यहां पर मैं इसलिए नंबर काट रहा हूं कि गौतम गंभीर के पास बहुत अच्छा मौका था कि इस टीम के साथ और उपलब्धियां हासिल करने की।’’
इशान नंबर 1, अभिषेक दूसरे स्थान पर, तिलक फिसले; T20I बैटिंग रैंकिंग के टॉप-10 में 3 भारतीय शामिल
आईसीसी की ताजा टी20 बैटिंग रैंकिंग में तिलक वर्मा को नुकसान हुए और वो नीचे आ गए जबकि इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में ज्यादा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले इशान किशन पहले नंबर पर बने हुए हैं। वहीं अभिषेक शर्मा दूसरे स्थान पर हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
