भारतीय टीम के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के बाद पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर की भविष्यवाणी का जमकर मजाक उड़ाया। सिद्धू ने आमिर को ढोंगी बाबा करार दिया और उन पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसे फैसले भविष्यवाणी से नहीं बल्कि मैदान-ए-जंग में होते हैं।
मोहम्मद आमिर हैं ढोंगी बाबा
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज आमिर ने पहले कहा था कि भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा, इसके बाद उान्होंने कहा कि भारत फाइनल में नहीं पहुंचेगा, लेकिन भारत ने पहले सेमीफाइनल में जगह बनाई और फिर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में भी पहुंचा। इंग्लैंड को भारत ने हाई स्कोरिंग मैच में 7 रन से हराने में सफलता हासिल की और इसके बाद सिद्धू ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने आमिर को ढोंगी बाबा करार दिया।
पड़ोस के लोगों को झूठी भविष्यवाणी करने का शौक
नवजोत सिंह सिद्धू ने जो वीडियो शेयर किया उसमें पहले मोहम्मद आमिर जो बातें भारत के बारे में कह रहे हैं उसका वीडियो डाला और उसके बाद उन्हें जवाब देते हुए कहा कि हमारे पड़ोस में लोगों को झूठी भविष्यवाणी करने का बड़ा शौक है। बनी को बनी नहीं तो अब्दुल घनी। चल गया तो तीर नहीं तो तुक्का। फिर भी बाबा बने हुए हैं। मैं तो कहूंगा ढोंगी बाबा। पहले कहा कि भाई भारत क्वालिफाई नहीं होगा। सेमीफाइनल में नहीं पहुंचेगा। वेस्टइंडीज आगे जाएगी और उनके साथ साउथ अफ्रीका आगे जाएगी।
ऐसे फैसले मैदान-ए-जंग में होते हैं
सिद्धू ने फिर आगे कहा कि संजू सैमसन की कमबैक क्या हुआ दोनों टीमों की गो बैक हो गई। फिर कहा कि सेमीफाइनल में इंग्लैंड की जीत होगी तो इंग्लैंड भी गो बैक हो गई। तो यार भविष्यवाणी नहीं, ऐसे फैसले मैदान-ए-जंग में हुआ करते हैं। भीख मांगने से कोई तख्तोताज थोड़े ना मिलते हैं गुरु। थोथा चना, बाजे घना। इसके साथ ही सिद्धू ने अपने वीडियो का समापन किया।
ये खबरें भी पढ़ें
फाइनल के लिए कैसी होनी चाहिए भारत की प्लेइंग 11, वीरेंद्र सहवाग ने बताया; वरुण को किया सपोर्ट
