टी20 क्रिकेट के इतिहास में अगर दुनियाभर में किसी भी टीम के सबसे ज्यादा मैच खेलने की बात करें तो पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम 303 मैच खेलकर टॉप पर है। वहीं समरसेट काउंटी क्रिकेट क्लब ने भी 303 मैच खेले हैं। अब आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस की टीम इतिहास रचने वाली है। आईपीएल 2026 के दूसरे मैच में रविवार को पांच बार की चैंपियन मुंबई का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होना है। यह मुंबई इंडियंस के लिए 300वां टी20 मुकाबला होगा। इससे पहले कोई भी आईपीएल टीम ऐसा नहीं कर पाई है।
मुंबई इंडियंस की टीम ने इससे पहले कुल 277 आईपीएल मैच पिछले 18 सीजन में खेले हैं। वहीं टीम ने 22 मुकाबले चैंपियंस लीग टी20 टूर्नामेंट में भी खेले हैं। कुल मिलाकर टीम अभी तक 299 मैच इस फॉर्मेट में खेली। केकेआर के खिलाफ मैदान पर उतरते ही हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली यह टीम इतिहास रचेगी। इससे पहले किसी भी आईपीएल टीम ने 300 टी20 मुकाबले नहीं खेले हैं। वहीं दुनियाभर में मुंबई इंडियंस तीसरी ऐसी टीम बनेगी जो 300 टी20 मैच किसी भी स्तर पर खेली है।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली दुनिया की टीमें
- पाकिस्तान नेशनल क्रिकेट टीम: 303 मैच
- समरसेट काउंटी क्रिकेट क्लब: 303 मैच
- मुंबई इंडियंस: 299 मैच* (केकेआर के खिलाफ मैच से पहले तक)
- हैम्पशायर काउंटी क्रिकेट क्लब: 296 मैच
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 287 मैच
मुंबई इंडियंस IPL में भी नंबर 1
मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा पांच खिताब जीतने वाली टीम है। इस मामले में तो मुंबई नंबर 1 है, वहीं सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में भी आईपीएल की यह नंबर 1 टीम है। मुंबई अपना 300वां मुकाबला खेलेगी। इसके बाद दूसरे स्थान पर 287 टी20 मैच खेलने वाली आरसीबी है। इसके बाद तीसरे नंबर पर केकेआर जिसने कुल 281 टी20 मुकाबले खेले हैं।
यह भी पढ़ें: MI vs KKR Match LIVE Score Updates, IPL 2026 Mumbai Indians vs Kolkata Knight Riders
मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच सीजन का यह दूसरा मैच वानखेड़े में खेला जाएगा। इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार और सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। क्लिक करें और देखें स्कोरकार्ड समेत पूरे मैच के अपडेट्स
